छत्तीसगढ़

मौसम विभाग की भविष्‍यवाणी, आज इन इलाकों में अंधड़ और ओलावृष्टि की आशंका, बिलासपुर को येलो व आरेंज अलर्ट जारी..

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: द्रोणिका के प्रभाव से राजधानी रायपुर सहित छत्‍तीसगढ़ के मौसम में बदलाव हुआ है। छाए बादल ने तेज धूप से राहत दिलाई है। रविवार को दिन की शुरुआत बादलों के बीच निकली धूप के साथ हुई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को मौसम बदला रहेगा और बारिश की गतिविधि मध्य हिस्से को प्रभावित करेगी।

इससे पहले शनिवार को दिन में आसमान में छाए हल्‍के बादलों से सूरज अपनी गर्मी नहीं दिखा सका और लोगों ने राहत महसूस की। शाम के बाद मौसम में एक बार फिर बदलाव हुआ और शहर में काफी देर तक हवा की गति तेज रही, जिसके असर से मौसम में थोड़ी ठंडकता आ गई।

बदले मौसम से रायपुर के तापमान में गिरावट दर्ज

हालांकि शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा। जबकि बिलासपुर में क्रमश: 35.6 व 22.0 और दुर्ग में 35.2 व 20.2 डि्ग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने रविवार को दुर्ग, राजनांदगांव, कबीरधाम, मुंगेली, बेमेतरा जिला में तेज अंधड़ चलने व ओलावृष्टि की संभावना जताई है। वहीं जशपुर, सरगुजा, रायगढ़, जांजगीर, कोरबा, बिलासपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, दुर्ग, बेमेतरा, रायपुर में तेज अंधड़ के साथ बादल के गरजने की संभावना है।

बिलासपुर मौसम अपडेट: बिलासपुर में शाम को ही पहुंच गए बादल, चमकती रही बिजली, बादलों ने मचाया गदर, अलर्ट जारी

मौसम में परिवर्तन का असर शनिवार शाम को ही दिखने लगा। सूर्यास्त के साथ आसमान में काले बादल घिर आए। आसमान में बिजली चमकने लगी। शहर में हल्की रिमझिम बूंदाबांदी हुई। आकाशीय बिजली व मेघ गर्जना के कारण लोग सहम गए। इधर मौसम विभाग ने बिलासपुर सहित सरगुजा संभाग के कई जिलों में लगातार वर्षा होने की खबरें भी देते रहे। ग्रामीण अंचल में कहीं-कहीं हल्की वर्षा दर्ज की गई। यह सिलसिला अभी जारी रहेगा। रविवार को भी मौसम का मूड ऐसे ही बना रहेगा। धीरे-धीरे वर्षा की गतिविधियों में तेजी आएगी। तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।

आज का मौसम प्रदेश में अधिकतम तापमान में अब गिरावट संभावित है, हालांकि अभी एकाएक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। प्रदेश में वर्षा की स्थिति बन रही है। बिलासपुर में भी बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले चार दिनों तक मौसम मतें बदलाव दिखेगा। अंधड़, गर्जना संग वर्षा की संभावना है। बिलासपुर में भी इसका असर होगा। मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणीका उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल से तटीय आंध्र प्रदेश तक गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उड़ीसा होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। दूसरा द्रोणिका मराठवाड़ा से कोमरान क्षेत्र तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।

प्रदेश में कल एक- दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इधर शनिवार को शहर में दिनभर मौसम में उतार-चढ़ाव दिखा। सुबह धूप खिली रही। दिन चढ़ने के साथ आसमान में बादलों का एक परत दिखाई देने लगा। दोपहर को आसमान में बादल झूम गए। सूर्यदेव भी बादलों के भीतर छूप गए। आमजन को इसके बाद गर्मी से काफी राहत मिली। लेकिन उमस ने हलकान किया। दिन में लोग पसीने से तर बतर नजर आए। शाम होने के बाद लोगोंं को राहत मिली। ठंडी हवाएं चलने लगी। मौसम में हुए इस बदलाव के बाद अब ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज होगी।

तापमान में आज से दर्ज होगी गिरावट

मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में अब एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने वज्रपात होने और ओलावृष्टि होने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में गिरावट संभावित है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः मध्य छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। वहीं मौसम विशेषज्ञ सिराज खान की मानें तो 21 मार्च तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं।

बिलासपुर को येलो व आरेंज अलर्ट जारी

 आइएमडी रायपुर की ओर से एक चेतावनी भी जारी किया गया है,जिसके मुताबिक 17 मार्च को प्रदेश के राजनांदगांव, कबीरधाम और बालोद जिले में एक-दो स्थानों में अंधड़ चलने के साथ वर्षा होगी। इन्हें येलो अलर्ट जारी किया गया है। अर्थात ध्यान रखने की आवश्यकता है। वहीं 18 मार्च को बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में तेज आंधी के साथ वर्षा हो सकती है। इसी दिन बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम और पेंड्रा जिले को आरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। इसका मतलब सतर्क रहने की आवश्यकता है।

 

 

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!