दुर्ग : दिनांक 15.09.2024 को हथखोज क्षेत्र में युवक नरेन्द्र नवरंगे की हत्या के मामले में लगभग दो वर्षों से फरार आरोपी को पुरानी भिलाई पुलिस ने हरियाणा के पलवल से गिरफ्तार किया।
दिनांक 15.09.2024 को प्रार्थी निकेश यादव अपने दोस्त मृतक नरेन्द्र नवरंगे एवं आयुष गायकवाड के साथ नया मोबाइल किस्त में खरीदने के लिए मोटर सायकल से जा रहा था। इसी दौरान मोबाइल खरीदने के संबंध में आरोपी जितेन्द्र वर्मा से संपर्क हुआ। आरोपी द्वारा छावनी आने तथा मोबाइल दिलाने की बात कही गई। रास्ते में एसीसी चौक के पास जितेन्द्र वर्मा अपने साथियों सोनू एवं सुमीत जायसवाल के साथ मिला।
इसके बाद सभी लोग हथखोज स्थित बीईसी कंपनी के पीछे पहुंचे। वहां शराब पीने की बात को लेकर मृतक नरेन्द्र नवरंगे एवं आरोपीगण के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपीगण द्वारा मृतक के साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पर प्रार्थी एवं गवाह को भी आरोपी द्वारा धमकाया गया। इसी दौरान आरोपी जितेन्द्र वर्मा ने बेल्ट से मृतक पर वार किया। बेल्ट टूट जाने के बाद आरोपी ने पास में पड़े वजनी पत्थर से मृतक नरेन्द्र नवरंगे के सिर पर प्राणघातक वार किया, जिससे उसकी मौके पर मृत्यु हो गई।
घटना के बाद आरोपीगण फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पुरानी भिलाई में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई। विवेचना में आरोपीगण जितेन्द्र वर्मा, सोनू एवं सुमीत जायसवाल की घटना में संलिप्तता पाए जाने पर प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई। आरोपी जितेन्द्र वर्मा के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर माननीय न्यायालय द्वारा उसे आजीवन कारावास से दण्डित किया जा चुका है।
प्रकरण में फरार आरोपी सोनू उर्फ इंद्रपाल सिंह के विरुद्ध स्थायी वारंट जारी हुआ था। वारंट की तामिली एवं आरोपी की पतासाजी के दौरान पुलिस टीम को उसके हरियाणा के पलवल में छिपे होने की जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी को दिनांक 05.09.2026 को पलवल, हरियाणा से गिरफ्तार किया गया तथा माननीय न्यायालय से दिनांक 07.09.2026 तक ट्रांजिट रिमाण्ड प्राप्त किया गया।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
मोबाइल खरीदने के बहाने साथ आने के बाद आरोपीगण द्वारा मृतक को सुनसान स्थान पर ले जाकर शराब पीने को लेकर विवाद किया गया। विवाद बढ़ने पर हाथ-मुक्का एवं बेल्ट से मारपीट की गई तथा बाद में वजनी पत्थर से सिर पर प्राणघातक वार कर हत्या की गई।
घटना स्थल : हथखोज बीईसी कंपनी के पीछे, थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र, जिला दुर्ग।
आरोपी का नाम : सोनू उर्फ इंद्रपाल सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम कोलहुवा, थाना बेन, जिला नालंदा, बिहार



















