सारंगढ़-बिलाईगढ़ : दिनांक 05.09.2026 को प्रार्थी सम्पत बरेठ थाना कोसीर उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसकी पत्नी बृतबाई बरेठ घर पर मृत अवस्था में पड़ी है तथा उसकी मृत्यु के कारण की जानकारी नहीं है। रिपोर्ट पर थाना कोसीर में मर्ग क्रमांक 24/26 कायम कर जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान थाना प्रभारी श्रीमती सुनीता नाग बंजारे द्वारा एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा शव का निरीक्षण एवं पोस्टमार्टम कराया गया।
शव निरीक्षण के दौरान मृतिका के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा सिर एवं शरीर में गंभीर चोटों के कारण मृत्यु होना लेख किया गया।
पूछताछ में सामने आया हत्या का घटनाक्रम
जांच के दौरान उपरोक्त तथ्यों से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए एसडीओपी गोविंद दीवान तथा थाना प्रभारी श्रीमती सुनीता नाग बंजारे द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के गवाहों से सूक्ष्मता से पूछताछ की गई। पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि दिनांक 04.09.2026 को मृतिका बृतबाई बरेठ के साथ उसके पति एवं बेटे द्वारा लड़ाई-झगड़ा एवं मारपीट किए जाने की आवाज गांव के लोगों ने सुनी थी। संदेह के आधार पर मृतिका के बेटे सोहन बरेठ एवं पति सम्पत बरेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी सोहन बरेठ ने अपराध स्वीकार करते हुए अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि दिनांक 04.09.2026 को वह अपनी मां को हाथ का इलाज कराने विश्वासपुर ले गया था। दोपहर लगभग 2:30 से 3:00 बजे के बीच वापस घर आने के बाद वह कुछ समय के लिए बाहर चला गया। शाम करीब 5 बजे घर वापस आने पर घर खर्च में अधिक पैसा खर्च होने की बात को लेकर उसका अपने पिता सम्पत बरेठ से विवाद हुआ। इस दौरान उसकी मां द्वारा अपने पति का पक्ष लेने से वह गुस्सा हो गया और अपनी मां से विवाद करने लगा। झगड़े के दौरान ही संपत बरेठ घर से बाहर चला गया था।
आरोपी पुत्र के अनुसार, वह अपनी मां को पीछे आंगन में ले गया और फरसा/लकड़ी, पीढ़ा तथा हाथ में आए अन्य ठोस सामान से उसके साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतिका की मृत्यु के बाद आरोपी पुत्र द्वारा घटना के साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शरीर पर पानी डालकर खून साफ करने का प्रयास किया गया। इसके बाद वह अपनी मां को वहीं छोड़कर सोने चला गया।
रात्रि करीब 12:00 से 1:00 बजे के बीच उसने बाहर पड़े अपनी मां के शव को उठाकर घर के अंदर खटिया पर लिटा दिया।
अगली सुबह जब उसका पिता सम्पत बरेठ घर आया और उसने अपनी पत्नी को खटिया पर मृत अवस्था में देखा, तब सोहन ने अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों मिलकर मृतिका के अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे।
इसी दौरान गांव के कोटवार को जानकारी मिलने पर कोटवार के पुत्र द्वारा उन्हें अंतिम संस्कार करने से रोकते हुए थाना में सूचना देने की बात कही गई। इसके बाद सम्पत बरेठ थाना पहुंचा और अपनी पत्नी की मृत्यु की सूचना देते हुए मृत्यु का कारण पता नहीं होने की बात कही।
पूछताछ में आरोपी सम्पत बरेठ ने भी अपने मेमोरेंडम कथन में घटना के संबंध में उक्त तथ्यों को स्वीकार किया।
अपराध पंजीबद्ध एवं गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान आरोपियों द्वारा मृतिका के साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाकर उसकी हत्या करना तथा घटना के साक्ष्य छिपाने एवं पुलिस को गलत सूचना देने का तथ्य पाए जाने पर थाना कोसीर में अपराध क्रमांक 134/2026, धारा 103(1), 238(क), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, पीढ़ा तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर विधिवत जब्त किए गए।
पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर— 1. सोहन बरेठ, पिता सम्पत बरेठ, उम्र 24 वर्ष 2. सम्पत बरेठ, पिता भकाडु बरेठ, उम्र 57 वर्ष दोनों निवासी डडाईडीह, थाना कोसीर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को दिनांक 06.09.2026 को क्रमशः 20:30 बजे एवं 20:35 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया दोनों आरोपियों को आज दिनांक 07.09.2026 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।




















