छत्तीसगढ़

मौसम अपडेट छत्तीसगढ़ : अभी और बढ़ने वाली है ठंड, तीन डिग्री तक गिरेगा पारा, रायपुर, बिलासपुर व दुर्ग संभाग में बारिश के आसार

मौसम अपडेट छत्तीसगढ़ : आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। ठंड में और बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग के अनुसार दो दिनों बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। द्रोणिका के प्रभाव से मंगलवार को रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों व जांजगीर, रायगढ़, जशपुर जिले से लगे क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं। सोमवार को प्रदेश भर में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, यहां का न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी हुई।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक 0.9 किमी ऊंचाई तक है। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण बादल छाए रहेंगे। उत्तरी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है। आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंडकता बनी रहने की उम्मीद है। न्यूनतम तापमान में जहां गिरावट आएगी, वहीं अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।

रायपुर का न्यूनतम तापमान एक डिग्री ज्यादा

उत्तरी छत्तीसगढ़ में अभी भी शीतलहर चल रही है और मध्य छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा है। सोमवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 5.0 डिग्री रहा। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 8.2 डिग्री रहा।

बिलासपुर : बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी आने के कारण बिलासपुर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। रात में सर्द हवाओं के साथ ठंड बढ़ी है। न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 12.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। दिन में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। धूप अच्छी लग रही है।

सोमवार को मौसम एकदम अलग था। तीन दिनों से आसमान में बादल के बाद सूर्यदेव के दर्शन हुए। चारों ओर ऊर्जा का संचार हुआ। सुनहरी धूप के बीच वातावरण मनमोहक बना हुआ था। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर मानों सूर्यदेव ने भी धरतीवासियों पर कृपा की। आसमान से बादल छंटने लगे। दिनभर मौसम शुष्क बना रहा। चारों ओर खुशहाली थी। पहाड़ी क्षेत्रों में भी ठंड का असर बना हुआ था। न्यायधानी में दिन और रात के तापमान में लगभग 13 डिग्री सेल्सियस का अंतर था। शाम को आसमान में फिर से बादल छाने लगे। मौसम विभाग की मानें तो बादलों की उपस्थिति अभी बनी रहेगी। मौसम विशेषज्ञ सिराज खान की मानें तो अभी एक-दो दिन न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है। गणतंत्र दिवस के बाद फिर से मौसम बदलेगा।

हल्की वर्षा की संभावना

मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। प्रदेश में प्रचुर मात्रा में बंगाल की खाड़ी से नमी आने कारण आज बादल छाए रहे। प्रदेश में 23 जनवरी को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण आंशिक रूप से बादल रहने की संभावना है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान गिरावट होने की संभावना है। 23 जनवरी व 24 जनवरी को प्रदेश के दुर्ग संभाग के जिले, रायपुर संभाग के जिले, जांजगीर, रायगढ़, जशपुर और इससे लगे जिलों में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!