छत्तीसगढ़मौसम समाचार

छत्तीसगढ़ में अगले दो-तीन दिनों में खूब बरसेंगे मेघ, मौसम विभाग ने दी रायपुर-बिलासपुर संभाग में अति भारी वर्षा की चेतावनी इसके साथ ही रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, महासमुंद जिलों में..

मौसम अपडेट : मानसून द्रोणिका के साथ ही प्रदेशभर में निम्न दाब का क्षेत्र बन रहा है। इसके अगले 12 घंटों में और प्रबल होकर अवदाब के रूप में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से रविवार को प्रदेश में भारी से अति भारी वर्षा होने के आसार हैं। शनिवार को सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाए रहे। साथ ही कई क्षेत्रों में हल्की से भारी वर्षा हुई।

ताजा उपग्रह और बंगाल की खाड़ी पर लो प्रेशर एरिया की स्थिति

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में रायपुर-बिलासपुर संभाग में अति भारी वर्षा की चेतावनी दी है। इसके साथ ही रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, महासमुंद जिलों में भी भारी वर्षा हो सकती है। बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। लगातार वर्षा के चलते अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान कृषि विज्ञान केंद्र डूमरबहार में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका व निम्न दाब के प्रभाव से रविवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से मध्य छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।

इन क्षेत्रों में हुई वर्षा

पाली 14 सेमी, चांपा-बिलासपुर-बोदरी में आठ सेमी, बिल्हा-सीपत-कोरबा में सात सेमी, पामगढ़-तखतपुर-कोरबा में छह सेमी, रायगढ़-कटघोरा-पिथौरा में पांच सेमी वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश के अधिकांश सभी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!