छत्तीसगढ़

सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्यवाही

जशपुर : दिनांक 17.10.2026 को प्रार्थी करनैल सिंह, उम्र 54 वर्ष, निवासी चराईडांड़, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर एवं जिलाध्यक्ष विश्व हिन्दू परिषद, जशपुर द्वारा थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 15.10.2026 को उन्होंने फेसबुक पर हेमंत बेदी नामक व्यक्ति के अकाउंट से एक पोस्ट देखा था। उक्त पोस्ट में हिन्दू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं एवं ऋषियों के संबंध में आपत्तिजनक एवं अशोभनीय टिप्पणियां की गई थीं। प्रार्थी के अनुसार, इस पोस्ट से हिन्दू धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं तथा समाज में आक्रोश व्याप्त हुआ। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कुनकुरी में आरोपी हेमंत कुमार बेदी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 199 एवं 299 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

प्रकरण की विवेचना के दौरान मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के दिशा निर्देश, अतिरिक्त पुलिसअधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन व एस डी ओ पी कुनकुरी राजेश कुमार साहू के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए,प्रार्थी एवं गवाहों के कथन दर्ज किए गए। विवेचना के क्रम में जब पुलिस आरोपी हेमंत कुमार बेदी, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम बिहावल, पतराटोली, चौकी दोकड़ा, थाना कांसाबेल, जिला जशपुर को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील कराने के लिए पुलिस टीम पहुंची। इस दौरान आरोपी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपने फेसबुक अकाउंट से हिन्दू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट करना स्वीकार किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन, जिसमें जियो कंपनी का सिम लगा हुआ था, जब्त किया है।

प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध अपराध घटित करने के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दिनांक 17.10.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण में पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है।

मामले की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा, प्रधान आरक्षक गोविंद यादव, रामानुजम पांडे, दलेश्वर यादव, आरक्षक जितेंद्र गुप्ता व नगर सैनिक अजय श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना गंभीर विषय है। किसी भी व्यक्ति द्वारा धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया जाएगा, तो उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। जशपुर पुलिस जिले में शांति, कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!