छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई: गुप्त चेंबर बने पिकअप से 4 करोड़ रुपये की अवैध नकदी बरामद..

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कानून व्यवस्था और संदिग्ध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना खुर्सीपार अंतर्गत पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन (क्रमांक: CG 04 QU 5996) के गुप्त चेंबर (Hidden Chamber) से भारी मात्रा में 4 करोड़ रुपये की अवैध नकदी बरामद की है।

​गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाई जा रही थी रकम

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी क्रम में डबरापारा, थाना खुर्सीपार के पास रात करीब 11:00 बजे रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे इस संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई।

​जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि वाहन का पिछला हिस्सा विशेष रूप से मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद किया गया था। जब सघन तलाशी ली गई, तो उस मॉडिफाई किए गए हिस्से में एक विशेष ‘गुप्त चेंबर’ बना हुआ मिला। उस गुप्त चेंबर के भीतर छिपाकर रखी गई भारतीय मुद्रा के बंडल बरामद किए गए।

​दो संदिग्ध हिरासत में

​कार्रवाई के दौरान वाहन में दो व्यक्ति सवार मिले, जिनकी पहचान वाहन चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा दोनों से नकदी के स्रोत, इसके स्वामित्व और परिवहन के वास्तविक उद्देश्य के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

​आयकर विभाग को दी गई सूचना

​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बरामद की गई कुल ₹4,00,00,000/- (चार करोड़ रुपये मात्र) को जप्त कर लिया है। प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है। इसके साथ ही इतनी बड़ी मात्रा में मिली नकदी के वित्तीय स्रोतों और अन्य टैक्स संबंधी पहलुओं की बारीकी से जांच के लिए आयकर विभाग (Income Tax Department) को आधिकारिक सूचना भेज दी गई है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!