छत्तीसगढ़मौसम समाचार

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : आज कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना, होगी मानसून की विदाई….

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : बीते सप्ताह से छत्‍तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ी हुई थीं। राजधानी समेत राज्य के कई जिलों में खंड वर्षा हो रही है। अब बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के असर से अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय रहेगा। दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने या गरज-चमक के साथ छीटे पड़ने की संभावना है।

छत्‍तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता सामान्य रही। प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश बीजापुर के गंगालूर में 70 मिलीमीटर दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री जांजगीर, मुंगेली और लखनपुर में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री नारायणपुर में दर्ज किया गया। रायपुर शहर शुक्रवार को गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 डिग्री और 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

छत्‍तीसगढ़ में बंगाल के खाड़ी में बने चक्रवात का असर

बंगाल के खाड़ी, उत्तर आंध्र प्रदेश तट-ओडिशा तट से दूर एक निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवात 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला है। इसके उत्तर दिशा की ओर अगले दो दिनों तक आगे बढ़ने की संभावना है।

मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर सूरतगढ़, रोहतक, ओरई, मंडला, निम्न दाब के केंद्र और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। जिसके असर से अगले तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला चलता रहेगा।

वर्षा के मुख्य आंकड़े (मिलीमीटर में)

गंगालूर-70, उसूर-60, कोंटा, मानपुर, रायपुर-50, बालोद, अंबिकापुर, तोकापाल-40, कुरुद, बास्तानार, अर्जुंदा, खड़गांव, अंबागढ़ चौकी, सरोना, जगरगुंडा, कुटरू, भानुप्रतापपुर, केशकाल, तोंगपाल-30, छिंदगढ़, बीजापुर, मर्री बंगला देवरी, बकावंड, दुर्गकोंदल, छुरा, दोरनापाल, भैरमगढ़, जगदलपुर, दरभा, भोपालपटनम-20 मिलीमीटर वर्षा हुई।

राजस्थान से होगी मानसून की विदाई

मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान का कहना है कि अभी 10 सितंबर तक मौसम ऐसे ही बने रह सकता है। अचानक मेघ गर्जना के साथ हल्की वर्षा का अनुमान है। कहीं-कहीं मध्यम वर्षा भी हो सकती है। 11 सितंबर को मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। इसके बाद राजस्थान से दक्षिण-पूर्वी मानसून की विदाई की संभावना बन रही है। छत्तीसगढ़ में 10 अक्टूबर तक विदाई हो सकती है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!