छत्तीसगढ़

दुर्ग : बैंक खाते से बिना जानकारी करीब 2.30 लाख रुपये निकालकर गबन करने वाला आरोपी गिरफ्तार…

दुर्ग : थाना वैशाली नगर पुलिस द्वारा बैंक खाते से बिना खाताधारक की जानकारी के करीब 2.30 लाख रुपये निकालने के मामले में विवेचना एवं साक्ष्य संकलन के आधार पर आरोपी होरी लाल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

प्रार्थी दिनेश यादव, निवासी राजीव नगर, सुपेला, भिलाई द्वारा थाना वैशाली नगर में लिखित शिकायत प्रस्तुत कर बताया गया कि वह पढ़ा-लिखा नहीं है तथा अपने निजी लेनदेन के लिए कैनरा बैंक, सुपेला में बैंक खाता संचालित करता है। बैंक संबंधी राशि जमा करने एवं निकालने के कार्य में वह अपने साथ काम करने वाले होरी लाल यादव की सहायता लेता था।

आरोपी को प्रार्थी के बैंक खाते एवं लेनदेन की जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी द्वारा दिनांक 24.08.2025 से 07.03.2026 के मध्य प्रार्थी की जानकारी एवं सहमति के बिना अलग-अलग किस्तों में उसके बैंक खाते से करीब 2,30,000/- रुपये निकाल लिए गए।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 430/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस द्वारा प्रार्थी एवं गवाहों के कथन दर्ज किए गए तथा बैंक खाते से संबंधित तथ्यों की जांच कर आरोपी होरी लाल यादव को पूछताछ के लिए थाना तलब किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा प्रार्थी के बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में करीब 2,30,000/- रुपये निकालकर खर्च करना बताया गया। विवेचना में आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर दिनांक 13.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल दाखिल किया गया। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।

मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका) : आरोपी प्रार्थी के साथ कार्य करता था तथा उसके पढ़ा-लिखा नहीं होने के कारण बैंक में रुपये जमा करने एवं निकालने के दौरान सहायता करता था। इसी विश्वास एवं बैंक खाते की जानकारी का दुरुपयोग कर आरोपी द्वारा अलग-अलग तिथियों में प्रार्थी की जानकारी के बिना खाते से राशि निकालकर स्वयं खर्च कर दी गई।

आरोपी का नाम 1\. होरी लाल यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी साईं इंद्रा नगर, ठेकरापारा, वार्ड क्रमांक 16, थाना सुपेला, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।

 

 

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!