सूरजपुर। थाना भटगांव क्षेत्र में हुई लूट एवं डकैती की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए 06 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में 04 पुरुष एवं 02 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की नगदी, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चाकू सहित लगभग ₹4 लाख 60 हजार की संपत्ति बरामद की है। 200 से अधिक कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस।
दिनांक 27 अक्टूबर 2026 की रात्रि करीब 01:30 बजे ग्राम अधिना सलका निवासी राधेश्याम सिंह पिता स्वर्गीय चेतन, उम्र 35 वर्ष, थाना भटगांव जिला सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि चार अज्ञात व्यक्ति उसके घर में घुसकर चेहरे में स्टॉल बांधकर एवं चैनल का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किए। आरोपियों ने बच्चों के गले में चाकू सटाकर जान से मारने की धमकी देते हुए अलमारी में रखे ₹1,50,000 नगद एवं ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भटगांव में अपराध क्रमांक 204/2026 धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम सुराग पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक याेगेश देवांगन तथा SDOP प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध मारुति स्विफ्ट डिजायर कार दिखाई दी। वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से ₹1,40,000 नगद, 01 नग मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त 01 नग चाकू, विभिन्न कंपनियों के 06 नग मोबाइल फोन तथा घटना के समय मुंह में बांधे गए 04 नग स्टॉल बरामद किए गए। घटना में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 10 FA 6395 भी जप्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी : 1. हुल्लेश्वर दास, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पोकसरी, थाना बतौली, जिला सरगुजा।
2. देवकरण दास उर्फ विजय दास, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम जामडीह, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा।
3. विकास दास, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम झरगांवा , थाना बतौली, जिला सरगुजा।
4. शांतुदास, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम झरगांवा, थाना बतौली, जिला सरगुजा।
5. शारदा चौहान, उम्र 37 वर्ष, निवासी तकिया रोड अंबिकापुर, जिला सरगुजा।
6. सोनू कुमारी उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम खोरमा प्रतापपुर, जिला सूरजपुर।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका :”इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव बृजेश सिन्हा, सुनील विवेकानंद सिंह, प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, संजय कुमार, हेमंत सोनवानी, आरक्षक विनोद प्रताप सिंह, दिनेश ठाकुर एवं रजनीश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















