दुर्ग : थाना खुर्सीपार पुलिस द्वारा ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध की गई त्वरित कार्यवाही में ‘रेड्डी अन्ना 108’ एप्लीकेशन के माध्यम से अवैध सट्टा संचालित करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से सट्टा संचालन में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, एटीएम कार्ड एवं नगदी रकम जप्त की गई है। प्रकरण में अन्य बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन एवं नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों की भूमिका की जांच जारी है।
संक्षिप्त विवरण : जिला दुर्ग में अवैध जुआ एवं ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा लगातार निगरानी एवं वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 07.11.2026 को थाना खुर्सीपार पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गुरुदयाल सिंह के यार्ड में, टाटा सर्विस सेंटर के पास एक कमरे में कुछ व्यक्ति लैपटॉप एवं मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना के अनुसार विभिन्न व्यक्तियों के बैंक खातों एवं एटीएम कार्ड का उपयोग कर सट्टे की रकम का लेन-देन भी किया जा रहा था।
सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी एवं रेड कार्यवाही की गई। मौके पर चार व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। पुलिस द्वारा आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई। उनके कब्जे से ऑनलाइन सट्टा संचालन में प्रयुक्त 02 लैपटॉप, 15 एटीएम कार्ड, 17 मोबाइल फोन एवं ₹90,000 नगद सहित अन्य सामग्री जप्त की गई।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ‘रेड्डी अन्ना 108’ नामक ऑनलाइन सट्टा एप्लीकेशन एवं पैनल के माध्यम से सट्टा गतिविधियां संचालित करते थे। इसके लिए विभिन्न व्यक्तियों के बैंक खातों एवं एटीएम कार्ड का उपयोग ऑनलाइन रकम के लेन-देन में किया जाता था। संबंधित खाताधारकों को इसके बदले कमीशन अथवा निर्धारित राशि दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस द्वारा इस नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों, डिजिटल साक्ष्यों एवं वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।
पंजीबद्ध अपराध : थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 510/2026, धारा 6, 7, 8 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 एवं धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
आरोपियों के नाम एवं पता : अमित तिवारी, उम्र 21 वर्ष, निवासी सेक्टर-11, जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई, जिला दुर्ग।
विकास कुमार साहू, उम्र 24 वर्ष, निवासी मछली मार्केट, जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई, जिला दुर्ग।
शुभम कुमार पाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी सेक्टर-11, जोन-02, खुर्सीपार, भिलाई, जिला दुर्ग।
यशमीत सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी जोन-03, मस्जिद के पास, खुर्सीपार, भिलाई, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री : लैपटॉप – 02 नग। एटीएम कार्ड – 15 नग मोबाइल फोन – 17 नग। नगद रकम – ₹90,000।




















