छत्तीसगढ़

रास्ता पूछने के बहाने युवक को रोककर चाकू से हमला कर मोबाईल लूटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार…

रायपुर – दिनांक 29.08.2026 को रात्रि करीब 09ः45 बजे हल्दीराम होटल का सेल्समेन धरमवीर साहू खाना खाकर पैदल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित अपने कमरे जा रहा था। लाभाण्डी जाने वाली सर्विस रोड के बस स्टॉप के पास जोरा मॉल की ओर से मोटर सायकल सवार दो अज्ञात व्यक्ति आए और रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिये तथा धरमवीर के हाथ में रखें मोबाइल को लूटने का प्रयास किये। विरोध करने पर दोनों ने धरमवीर का हाथ पकड़कर किसी नुकीली वस्तु से उसके बांये हाथ की भुजा, पेट एवं पीठ में वार कर चोट पहुंचाई तथा मोबाइल लूटकर मोटर सायकल से मैग्नेटो मॉल की ओर फरार हो गए। आहत धरमवीर को उपचार हेतु मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 375/26 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना को गंभीरता से लेते हुए आहत से विस्तृत पूछताछ की गई तथा अज्ञात आरोपियों की पतासाजी हेतु टीम गठित कर विभिन्न स्तरों पर जांच प्रारंभ की गई।

टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ-साथ घटना स्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेजों का अवलोकन किया गया। साथ ही आरोपियों द्वारा घटना के दौरान प्रयुक्त दोपहिया वाहन के संबंध में भी तकनीकी स्तर पर जानकारी एकत्रित की गई। प्राप्त फुटेज एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण करते हुए अज्ञात आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किये जा रहे थे।

इसी दौरान टीम को घटना में संलिप्त आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। प्राप्त जानकारी एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा एवं राजू सबर को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। आरोपियों ने लूट के दौरान छीने गये मोबाईल फोन को दूजराम साहू उर्फ छोटू के पास बिक्री करना बताया। प्रकरण में दूजराम साहू उर्फ छोटू की संलिप्तता पाये जाने पर पतासाजी कर उसे भी पकड़ा गया।

तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कब्जे से लूट की मोबाईल फोन तथा घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटर सायकल क्रमांक सी जी 04 एच जे 0670 एवं नगदी रकम जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।

गिरफ्तार आरोपी भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा एवं दूजराम साहू उर्फ छोटू पूर्व में भी मारपीट के प्रकरणों में जेल निरूद्ध रह चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपी : 01. भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा पिता धनेश निषाद उम्र 19 साल निवासी विशाल नाला के पास थाना तेलीबांधा रायपुर। 02. राजू सबर पिता स्व. जगदीश सबर उम्र 25 साल निवासी हीरा नगर हनुमान मंदिर के पास थाना तेलीबांधा रायपुर। 03. दूजराम साहू उर्फ छोटू पिता चतुर साहू उम्र 26 साल निवासी हीरा नगर विशाल नगर थाना तेलीबांधा रायपुर।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!