बालोद। अंतरजिला वाहन चोरियों पर नकेल कसते हुए बालोद पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी ‘सन्नाटा’ दुर्ग जेल से रिहा होने के महज 24 घंटे के भीतर ही फिर से चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगा था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की 2 मोटरसाइकिल और 1 एक्टिवा बरामद की है।
जेल से निकलते ही 24 घंटे में तीन शहरों में चोरी
पुलिस के अनुसार, आरोपी उमेश यादव उर्फ सन्नाटा (40 वर्ष), निवासी एसटीएफ बघेरा (दुर्ग), बीते 20 अगस्त 2026 को ही बाइक चोरी के एक मामले में दुर्ग जेल से रिहा हुआ था। जेल से छूटने के बाद 23 और 24 अगस्त की दरम्यानी रात वह अर्जुन्दा पहुंचा और एक मकान के सामने खड़ी बजाज मोटरसाइकिल (CG 07 BP 7301) पार कर दी। इसके बाद 24 अगस्त को बालोद जिला न्यायालय के पास से पैशन प्रो बाइक (CG 24 F 5368) चुरा ली। यहां से भागकर उसने धमतरी के कुरुद क्षेत्र से एक एक्टिवा पर हाथ साफ किया और उसे लेकर अर्जुन्दा स्थित अपने ससुराल जा रहा था।
CCTV फुटेज से खुला राज
वाहनों की चोरी की शिकायत मिलने पर बालोद पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा एसडीओपी बालोद विनय कुमार साहू व एसडीओपी गुंडरदेही श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण में सायबर सेल और थाना स्तर पर विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के रास्तों के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज के बारीक एनालिसिस के बाद संदेही के रूप में उमेश यादव उर्फ सन्नाटा की पहचान हुई। घेराबंदी कर जब सन्नाटा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अर्जुन्दा, बालोद और कुरुद से गाड़ियां चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी पर दर्ज हैं दर्जनों आपराधिक मामले
पकड़ा गया आरोपी उमेश यादव उर्फ सन्नाटा एक आदततन और शातिर अपराधी है। उस पर राजनांदगांव के बसंतपुर, सिटी कोतवाली दुर्ग, रनचिरई और बालोद थानों में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 379 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत 8 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
बरामद मशरूका:
02 नग मोटरसाइकिल (बजाज एवं पैशन प्रो)
01 नग एक्टिवा स्कूटर
(कुल 03 दोपहिया वाहन बरामद)
इस पूरी कार्रवाई और आरोपी को सलाखों के पीछे भेजने में थाना अर्जुन्दा, थाना गुंडरदेही और सायबर सेल टीम बालोद की सराहनीय भूमिका रही।




















