छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट : छत्तीसगढ़ में वर्षा पर लगी ब्रेक, खंड वर्षा के चलते उमस और तापमान बढ़ोतरी, अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक..

CG Weather Update : इन दिनों वर्षा पर थोड़ा ब्रेक लग गया है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में खंड वर्षा हो रही है। इसके चलते तापमान में बढ़ोतरी हो रही है और उमस बढ़ने लगी है। बुधवार को प्रदेश भर में 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ रायपुर सर्वाधिक गर्म रहा।

यहां का न्यूनतम तापमान भी 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे निम्न दाब के प्रभाव के कारण गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार बने हुए हैं।

बुधवार सुबह से रायपुर सहित प्रदेश भर का मौसम सामान्य रहा। दोपहर बाद रायपुर में मौसम में थोड़ा बदलाव हुआ और बहुत से क्षेत्रों में खंड वर्षा हुई। इसके चलते उमस में और बढ़ोतरी हो गई। इसके साथ ही पाली में 4 सेमी, बलरामपुर में 3 सेमी, मनोरा-जगदलपुर-कोटा में 2 सेमी वर्षा हुई। इन दिनों वर्षा पर ब्रेक लगने व खंड वर्षा के चलते उमस भी बढ़ने लगी है।

बताया जा रहा है कि सितंबर तीसरे हफ्ते से मानसून की विदाई भी संभावित है और सितंबर के आखिरी दिनों में तो मानसून पूरी तरह से विदा हो जाएगा। अभी आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज इस प्रकार ही बने रहने की संभावना है।

प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हो सकती है हल्की से मध्यम वर्षा

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर 5.8 किमी ऊंचाई तक फैला है। इसके प्रभाव से पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके चलते गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!