बालोद जिले के थाना सनौद पुलिस ने इलेक्ट्रिक स्कूटी और वाहनों की डीलरशिप दिलाने के नाम पर 31.80 लाख रुपये की बड़ी ठगी करने वाले फरार आरोपी कंपनी के CEO को उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय बालोद के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में कंपनी के MD और CMD को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी मनीष कुमार साहू (पिता – फत्तेलाल साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम भानपुरी, थाना गुरूर) ने 05.05.2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ‘CBK EV Motors’ प्राइवेट लिमिटेड कंपनी रायपुर के आरोपीगण—नंदकिशोर साहू (CEO), लोकेश द्विवेदी (MD) और पुरुषोत्तम साहू (CMD)—द्वारा इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्कूल वैन और लोडर वाहनों की डीलरशिप लेने पर 100% कैशबैक देने का लालच दिया गया।
प्रलोभन में आकर प्रार्थी ने विभिन्न किस्तों में कुल 31,80,000/- रुपये कंपनी के बैंक खाते में जमा किए। डीलरशिप के लिए ग्राम सनौद में दुकान भी किराए पर ली गई, जिस पर कंपनी द्वारा 11 इलेक्ट्रिक वाहन दिए गए। वाहन की गुणवत्ता सही न होने पर कंपनी ने उन्हें बदलकर नए वाहन देने का आश्वासन दिया, लेकिन वाहन वापस नहीं किए गए। इसके बाद जब पैसे वापस मांगे गए, तो दिए गए चेक बैंक में लगाने पर ‘चेक स्टॉप’ होने के कारण अनादरित (बाउंस) हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सनौद में अपराध क्रमांक 40/2026, धारा 420, 34 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पूर्व कार्रवाई: प्रकरण के आरोपी MD लोकेश द्विवेदी और CMD पुरुषोत्तम साहू को 19.09.2026 को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था।
CEO की गिरफ्तारी: फरार चल रहे मुख्य आरोपी CEO नंदकिशोर साहू की लगातार पतासाजी करते हुए सनौद पुलिस ने उसे ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) से दबोच लिया।
बरामदगी: आरोपी की निशानदेही पर रायपुर ऑफिस में उपयोग होने वाली सामग्री (सीसीटीवी कैमरा, एसी, टेबल, कुर्सी, आलमारी, टीवी) और 3 नग इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना सनौद प्रभारी निरीक्षक सोनसिंह सोरी, सउनि नंदकुमार साहू, आरक्षक दमन वर्मा, गौकरण यादव, टिकेन्द्र कुमार सोरी, तथा सायबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य, प्र.आर. भुनेश्वर मरकाम, आरक्षक गुलजारी साहू और मिथलेश यादव का योगदान सराहनीय रहा।




















