छत्तीसगढ़

रायपुर : नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त का प्रयास करने वाली 3 महिला आरोपी गिरफ्तार….

रायपुर – प्रार्थिया निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा) ने थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराया कि गर्भावस्था के दौरान उसका संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ, जिसने निःशुल्क प्रसव एवं उपचार कराने का झांसा देकर उसे रायपुर बुलाया। रायपुर आने पर कृतिका ने उसकी मुलाकात गीतिका एवं अहिल्या से कराई तथा उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहरा दिया। तीनों महिलाओं द्वारा प्रार्थिया की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर उसके नवजात शिशु को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का प्रलोभन दिया गया। प्रार्थिया के मना करने पर उसे डराया-धमकाया गया तथा दिनांक 04.11.2026 को प्रसव के पश्चात नवजात शिशु सहित उसे पुनः अहिल्या के घर ले जाकर बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों द्वारा उसे धमकी दी गई कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। कृतिका, गीतिका एवं अहिल्या ने षड्यंत्रपूर्वक उसे रायपुर बुलाकर उसके नवजात शिशु को बेचने की नियत से बंधक बनाकर रखा था तथा उसकी बिना अनुमति के बच्चे को बेचने का प्रयास कर रही थीं। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 धारा 140(3), 143(4), 318(4), 61 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तत्काल थाना प्रभारी आजाद चौक को आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना आजाद चौक पुलिस की टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रकरण में संलिप्त महिला आरोपी कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव एवं गीतिका नाग को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से प्रकरण के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता के संबंध में जानकारी दी गई है। इस महत्वपूर्ण पहलू को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ कर उनके नेटवर्क, अन्य संलिप्त व्यक्तियों तथा पूर्व में की गई घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही, इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य संभावित व्यक्तियों की पतासाजी की जा रही है। विवेचना के दौरान जिस किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आएगी, उसके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।

गिरफ्तार महिला आरोपी – 01. कृतिका साहू पति स्व. सुमित कुमार साहू उम्र 34 साल निवासी आमापारा रामकुण्ड थाना आजाद चौक रायपुर।

02. अहिल्या नामदेव पिता दीपक नामदेव उम्र 40 साल निवासी सीतानगर गोगांव थाना गुढियारी जिला रायपुर।

03. गीतिका नाग पति चिंतामणी नाग उम्र 36 साल निवासी स्टोर पारा पुरैना भिलाई 03 थाना भिलाई 03 जिला दुर्ग

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!