दुर्ग : दिनांक 19.09.2026 को प्रार्थिया श्रीमती रेखा ताण्डी, निवासी सुपेला द्वारा थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके पति की तबीयत खराब होने के कारण उपचार हेतु पैसों की आवश्यकता थी। इस पर उसने पूजा राव उर्फ वेंकट लक्ष्मी राव से ₹20,000/- साप्ताहिक 30 प्रतिशत ब्याज की दर पर उधार लिए थे।
आरोप है कि पूजा राव द्वारा एकमुश्त रकम की मांग किए जाने पर प्रार्थिया ने अपनी तबीयत खराब होने के कारण पूरी रकम एक साथ देने में असमर्थता जताई। इसके बाद पूजा राव उसे उपचार कराने के बहाने अपने पुत्र एवं अन्य साथियों के साथ कार में बैठाकर अपने घर ले गई, जहां आरोपियों द्वारा प्रार्थिया एवं उसके बेटे के साथ गाली-गलौच एवं मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई तथा उधार रकम से अधिक राशि वसूलने का प्रयास किया गया।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा आरोपियों की पतासाजी कर पूर्व में पूजा राव उर्फ वेंकट लक्ष्मी राव, चंदन राव एवं प्रवीण शर्मा को गिरफ्तार कर दिनांक 20.09.2026 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया था।
प्रकरण में घटना के बाद से फरार चल रही अन्य महिला आरोपी प्रीति तांडी की लगातार पतासाजी की जा रही थी। पुलिस टीम द्वारा प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर दिनांक 16.11.2026 को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
आरोपियों द्वारा आवश्यकता के समय लोगों को अधिक ब्याज पर रकम उधार देकर साप्ताहिक ब्याज की मांग की जाती थी। उधार लेने वाला व्यक्ति एकमुश्त रकम देने में असमर्थ होता था तो कथित रूप से दबाव बनाकर मारपीट एवं धमकी के माध्यम से अधिक रकम वसूलने का प्रयास किया जाता था।
आरोपी का नाम : 1. प्रीति तांडी, उम्र 20 वर्ष, निवासी शिव मंदिर के पास, उड़िया बस्ती, रायपुर नाका, दुर्ग, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री : 1. प्रार्थिया का 01 कोरा चेक।
2. प्रकरण से संबंधित दस्तावेज।




















