रायपुर : दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं के मद्देनजर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं प्रभारी को वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस उद्देश्य से प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट के नेतृत्व में एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिटकी एक विशेष टीम का गठन किया गया है।
जिस पर विशेष टीम द्वारा वाहन चोरी के घटना स्थल एवं उनके आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही मुखबीर को सक्रिय किया गया है। इसके अतिरिक्त, नियमित पेट्रोलिंग, तकनीकी विश्लेषण एवं अन्य सूचना-संग्रह माध्यमों के जरिए भी आवश्यक जानकारियाँ एकत्र करने के साथ ही अधिकतम दोपहिया वाहन चोरी होने वालेे स्थानों को भी चिन्हांकित कर अज्ञात वाहन चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी तारतम्य में दिनांक 20.08.2026 को विशेष टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत मोतीबाग स्थित एक ऑटो डील दुकान में एक व्यक्ति बिना दस्तावेज के एक्टिवा वाहन बिक्री करने आया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर पहुंचकर व्यक्ति की पहचान तेलीबांधा, रायपुर निवासी टोपेश्वर साहू उर्फ संजू साहू के रूप में की गई, जो पूर्व में भी वाहन चोरी के प्रकरणों में जेल निरुद्ध रह चुका है। टीम द्वारा उसके कब्जे में रखे एक्टिवा वाहन के संबंध में दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, जिस पर उसके द्वारा किसी प्रकार का दस्तावेज प्रस्तुत न करते हुए टीम को गुमराह करने का प्रयास किया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने उक्त वाहन को थाना कोतवाली क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया।
प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी टोपेश्वर साहू उर्फ संजू साहू से दोपहिया वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ करने पर उसने रायपुर के आजाद चौक, न्यू राजेन्द्र नगर, कोतवाली, सिविल लाईन, तेलीबांधा एवं खम्हारडीह थाना क्षेत्रों से कुल 09 नग दोपहिया वाहन चोरी करना तथा चोरी किए गए वाहनों को उड़ीसा निवासी अपने 02 साथियों को देकर उनके साथ मिलकर उड़ीसा में बिक्री करना बताया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त टीम को उड़ीसा रवाना किया गया। टीम द्वारा उड़ीसा के भालूमुण्डा पहुंचकर आरोपियों की पतासाजी करते हुए आरोपी सूजल मेहेर उर्फ करण तथा विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को पकड़ा गया। तीनों आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से चोरी की कुल 09 नग दोपहिया वाहन, जुमला कीमत लगभग 4,00,000/- रूपये जप्त कर तीनों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की गई।
चोरी किए गए दोपहिया वाहनों में तीनों के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 342/26 एवं 320/26, थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 104/26, थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 241/26 एवं 251/26 तथा थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 181/26, धारा 303(2), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध हैं। साथ ही प्रकरणों में धारा 317(2), 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है।
आरोपी/अपचारी चोरी किए गए कुछ वाहनों की पहचान छिपाने के उद्देश्य से ओडिशा पासिंग की फर्जी नंबर प्लेट लगाए हुए थे।
आरोपी टोपेश्वर साहू उर्फ संजू साहू वर्ष 2023 में रायपुर के विभिन्न स्थानों से 10 नग दोपहिया वाहन चोरी करने के प्रकरण में थाना न्यू राजेन्द्र नगर से जेल निरुद्ध रह चुका है।
आरोपी टोपेश्वर साहू उर्फ संजू साहू का परिचय आरोपी सूजल मेहेर उर्फ करण एवं विधि के साथ संघर्षरत बालक से रायपुर स्थित एक होटल में वेटर के रूप में कार्य करने के दौरान हुआ था। तीनों ने कुछ दिनों तक होटल में कार्य करने के बाद काम छोड़ दिया तथा आपस में मिलकर दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें बिक्री करने लगे।
जप्त वाहनों की सूची : 01. एक्टिवा क्रमांक सी जी 04 क्यू टी 1494।
02. एक्टिवा क्रमांक सी जी 04 एम एस 6892।
03. एक्टिवा क्रमांक सी जी 04 क्यू एम 5230।
04. एक्टिवा क्रमांक सी जी 04 एम के 1954।
05. एक्टिवा क्रमांक सी जी 04 एम ई 6820।
06. एक्टिवा क्रमांक सी जी 04 एम जी 2426।
07. एक्टिवा क्रमांक सी जी 04 एन एक्स 8317।
08. स्प्लेण्डर क्रमांक सी जी 04 पी जेड 2261।
09. एस एस बजाज क्रमांक सी जी 04 एन के 7700।
गिरफ्तार – 01. टोपेश्वर साहू उर्फ संजू साहू पिता जनपद साहू उम्र 30 साल निवासी ग्राम खिलोरा थाना हथबंद जिला बलौदा बाजार। हाल पता – सेक्टर 01 पी/26 के सामने अवंति विहार थाना तेलीबांधा रायपुर।
02. सूजल मेहेर उर्फ करण पिता त्रिलोचन मेहेर उम्र 19 साल निवासी त्रिलोचन सायकल स्टोर्स भालूमुण्डा थाना बगोमुण्डा जिला बलांगीर ओडिसा।
03. विधि के साथ संघर्षरत एक बालक।




















