छत्तीसगढ़

दुर्ग : विवाद के बाद युवक पर प्राणघातक हमला, हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार…

दुर्ग : दिनांक 22.08.2026 की रात्रि लक्ष्मी मार्केट सुपेला में समोसा ठंडा होने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद युवक पर धारदार हथियार से प्राणघातक हमला करने वाले दो आरोपियों को थाना सुपेला पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया।

दिनांक 22.08.2026 को प्रार्थिया अर्चना नेवारे, निवासी आदर्श पारा सुपेला द्वारा थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनके पुत्र हिमांशु के साथ लक्ष्मी मार्केट सुपेला स्थित शिव मंदिर के पास दो व्यक्तियों द्वारा मारपीट कर धारदार हथियार से हमला किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हिमांशु रात्रि लगभग 10:00 बजे शिव मंदिर के पास बैठा था, तभी मोहल्ले के योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छु एवं मनीष नोनहारे उर्फ पीला भाउ वहां पहुंचे। हिमांशु द्वारा शराब एवं बाद में समोसा तथा पानी लाने को कहा गया। लगभग 11:15 बजे वापस आने के बाद शराब पीने के दौरान समोसा ठंडा होने की बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपियों द्वारा पहले मारपीट की गई तथा इसके बाद धारदार हथियार से हिमांशु पर लगातार वार किए गए।

हमले में हिमांशु के सिर, गर्दन, पेट, पीठ एवं कमर में चोटें आईं। डायल-112 की सहायता से उसे शासकीय अस्पताल सुपेला ले जाया गया, जहां से उपचार हेतु जिला अस्पताल दुर्ग एवं बाद में रायपुर स्थित एम्स अस्पताल रेफर किया गया।

घटना की रिपोर्ट प्राप्त होते ही थाना सुपेला पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तत्काल पतासाजी प्रारंभ की गई। पतासाजी के दौरान आरोपियों के कृष्णा नगर क्षेत्र में होने की जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। विधिवत गिरफ्तारी के पश्चात दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।

मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)

आरोपियों द्वारा आपसी बातचीत के दौरान समोसा ठंडा होने की बात को लेकर हुए विवाद को बढ़ाते हुए पहले मारपीट की गई तथा बाद में धारदार हथियार से युवक पर लगातार वार कर गंभीर चोट पहुंचाई गई।

घटना स्थल : शिव मंदिर के पास, लक्ष्मी मार्केट, सुपेला, थाना सुपेला क्षेत्र, जिला दुर्ग।

आरोपी का नाम : 1. योगेश्वर वर्मा उर्फ बिच्छु, उम्र 22 वर्ष, निवासी कृष्णा नगर, लोहार पारा, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।

2. मनीष नोनहारे उर्फ पीला भाउ, उम्र 25 वर्ष, निवासी भीम नगर, देवांगन मोहल्ला, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।

जप्त सामग्री : प्रकरण में घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार के संबंध में विधिवत जप्ती कार्रवाई की गई है।

सराहनीय कार्य : उक्त कार्यवाही में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, उनि चितराम ठाकुर, सउनि गंगाराम रावत, आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत एवं धर्मेन्द्र सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील : दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि आपसी विवाद को हिंसक रूप न दें तथा विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। किसी भी प्रकार की हिंसक अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!