जशपुर : दिनांक 02.06.2024 के शाम लगभग 06:30 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लैलुंगा (रायगढ़) की ओर से कुछ लोग एक कार क्र. CG 13 AW4063 में भारी मात्रा में गांजा की तस्करी करते हुये कोतबा की ओर आ रहे हैं, इस सूचना को पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह को अवगत कराया गया एवं उनके निर्देशन में तत्काल एसडीओपी पत्थलगांव श्री ध्रुवेश कुमार जायसवाल एवं प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक श्री भानु प्रताप चंद्राकर के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर मौके के लिये रवाना किया गया, टीम द्वारा मुखबीर के बतायेनुसार ग्राम पीठाआमा चौक के पास नाकाबंदी कर आने-जाने वाली वाहनों की चेकिंग की जा रही थी, इसी दौरान कार क्र. CG 13 AW 4063 के चालक एवं उसमें सवार कुछ व्यक्ति पुलिस को देखकर अंधेरे एवं पानी गिरने का मौका पाकर भाग रहे थे, पुलिस द्वारा उनके भागने पर तत्काल पीछा करते हुए दौड़ाकर कर 16 वर्षीय बालक को दौड़ाकर पकड़ा गया एवं पुलिस द्वारा उक्त बालक से गांजा रखने के संबंध में पूछताछ कर वाहन की तलाशी ली गई, तलाशी दौरान वाहन की डिक्की में मादक पदार्थ गांजा 27 किलोग्राम कीमती 2,70,000 /- (दो लाख सत्तर हजार रुपये) मिलने पर कार सहित जप्त कर अपचारी नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया। अपचारी बालक से पूछताछ पर बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गांजा को लैलुंगा तरफ से लाना बताया, पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। अपचारी बालक उम्र 16 साल को पूछताछ उपरांत आज दिनांक 03.06.2024 को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।




















