रायगढ़ : एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में लंबित अपराधों के फरार आरोपियों एवं फरार वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत कापू पुलिस को पत्नी की हत्या कर करीब चार माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को फरार आरोपी के गांव आने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा को गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के बाद से तमिलनाडु में फरारी काट रहा था।
पत्नी की हत्या के बाद फरार हो गया था आरोपी
विदित हो कि थाना कापू में मर्ग क्रमांक 48/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मृतिका ननकी बाई पहाड़ी कोरवा पति कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा, उम्र 30 वर्ष, निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा की मृत्यु के संबंध में मर्ग जांच की जा रही थी।
4 जून को घटना को लेकर मर्ग इंटिमेशन दर्ज किया गया, मर्ग जांच के दौरान मृतिका के पिता जीतन राम पहाड़ी कोरवा सहित प्रत्यक्षदर्शी एवं अन्य गवाहों के कथन लिए गए। गवाहों द्वारा बताया गया कि दिनांक 03 जून 2026 को मृतिका का पति आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए इंचपारा से गुड़ाआमा की ओर ले जा रहा था। गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास आरोपी द्वारा मृतिका के साथ हाथ-मुक्का, डंडा एवं पत्थर से मारपीट की गई, जिससे उसके सिर, गाल, चेहरे, आंख, पीठ, जांघ एवं कोहनी में गंभीर चोटें आईं और उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा पिता धनयुराम पहाड़ी 29 वर्ष, निवासी गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा, थाना कापू, जिला रायगढ़ को रिमांड पर भेजा गया है ।




















