छत्तीसगढ़

अब टोकन से मिलेगी रासायनिक खाद, किसान मोबाइल ऐप पर पंजीयन कर जरूरत के अनुसार कर सकेंगे खाद की बुकिंग..

किसानों को रासायनिक खाद की उपलब्धता आसान बनाने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए उर्वरक बिक्री की नई डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत किसान ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ (Framework For Fertilizer Sale) मोबाइल ऐप के माध्यम से खाद की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के बाद जारी टोकन के आधार पर संबंधित विक्रय केंद्र से उर्वरक प्राप्त किया जा सकेगा।

कलेक्टर श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं उप संचालक कृषि श्री चित्रानंद कुमार ठाकुर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में कृषि विभाग द्वारा जिले में नई व्यवस्था के प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन की पहल की जा रही है। जिले के शासकीय एवं निजी उर्वरक विक्रेताओं के माध्यम से किसानों को खाद उपलब्ध कराई जा रही है। नई व्यवस्था में किसानों को उनके रकबे और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा फसलवार की गई उर्वरक अनुशंसाओं के आधार पर खाद मिलेगी। इससे उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों को अनावश्यक खाद खरीदी पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से बचने में मदद मिलेगी।

कृषि विभाग के अनुसार, सुविधा का लाभ लेने के लिए किसानों को गूगल प्ले स्टोर से ‘Framework For Fertilizer Sale’ मोबाइल ऐप डाउनलोड कर पंजीयन करना होगा। पंजीयन के बाद किसान अपनी जरूरत के अनुसार खाद की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग पूरी होने पर मोबाइल पर टोकन जारी होगा, जिसे संबंधित उर्वरक विक्रय केंद्र पर प्रस्तुत कर खाद प्राप्त की जा सकेगी।

नई व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए मास्टर ट्रेनरों द्वारा सहकारी समितियों के प्रबंधकों एवं उर्वरक विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया गया है। मैदानी अमले के माध्यम से किसानों को भी इसकी जानकारी दी जा रही है। ऐप के संचालन अथवा खाद की बुकिंग में किसी प्रकार की परेशानी होने पर किसान अपने क्षेत्र के कृषि विकास अधिकारी या ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!