छत्तीसगढ़

सारंगढ़-बिलाईगढ़ : हत्या के सनसनीखेज मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार एवं 1 अपचारी बालक अभिरक्षा में…

सारंगढ़-बिलाईगढ़ : थाना सारंगढ़ से बिना नंबर मर्ग डायरी प्राप्त होने पर थाना कोसीर में मर्ग कायम कर जांच में लिया गया। जांच के दौरान मृतक संजय सुमन के पिता रामप्रसाद सुमन ने बताया कि ग्राम भांठागांव स्थित रंजीता तालाब के नीचे मुख्य मार्ग के पास उनका पुत्र संजय सुमन घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। उसके सीने, पेट, पसली एवं बाएं हाथ की कलाई के पास धारदार वस्तु से चोट लगी थी तथा अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मृत्यु हो गई थी।

जिला अस्पताल सारंगढ़ से प्राप्त मृतक की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक द्वारा मृत्यु का कारण चाकू के घावों से उत्पन्न रक्तस्रावी आघात (Hemorrhagic Shock) तथा मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक होना पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस की कार्रवाई एवं आरोपियों की गिरफ्तारी :

पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र कुमार पटेल (रा.पु.से.) तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री गोविन्द सिंह दीवान (रा.पु.से.) के कुशल मार्गदर्शन में अज्ञात आरोपियों की पतासाजी हेतु मुखबिर सक्रिय किए गए। घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम के साथ निरीक्षण कर गवाहों के कथन दर्ज किए गए।

विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं पतासाजी के आधार पर संदेही साहिल सुमन, पंकज जोल्हे एवं एक अपचारी बालक से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि दिनांक 08.11.2026 को रात्रि लगभग 09:00-10:00 बजे के दरमियां मृतक संजय सुमन अपने दोस्त ओमप्रकाश उर्फ धोंडू के घर से अपनी साइकिल लेकर अपने घर जाने के लिए निकला। सुमन, पंकज जोल्हे तथा अपचारी बालक द्वारा पुराने वाद विवाद की रंजिश को लेकर संजय को जान से मारने की नीयत से चाकू लेकर पीछा कर रहे थे।

कुछ समय बाद तीनों स्कूटी से संजय का पीछा करते हुए हीरा हार्डवेयर के आगे पहुंचे, जहां साहिल ने अपनी स्कूटी रोककर कमर में रखा चाकू निकाला और संजय के पेट एवं सीने पर चाकू से वार करने लगा। इस दौरान पंकज ने संजय के पैर पकड़े थे तथा अपचारी बालक ने उसके हाथ पकड़ रखे थे। मुख्य मार्ग पर वाहनों की लाइट दिखाई देने पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। अपचारी बालक मुख्य मार्ग की ओर, पंकज खेत की ओर तथा साहिल स्कूटी से कोसीर की ओर भागा। साहिल ने घटना में प्रयुक्त चाकू झाड़ियों की ओर फेंक दिया। इसके बाद साहिल एवं अपचारी बालक ने अजय खूटे के नवनिर्मित मकान के पीछे अपने पहने हुए कपड़ों को जला दिया।

साक्ष्य बरामदगी एवं वैधानिक कार्रवाई :

विवेचना के दौरान दिनांक 11.11.2026 को आरोपी साहिल सुमन के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया गया। साथ ही घटना स्थल से कुछ दूरी पर स्थित अजय खूटे के नवनिर्मित मकान के पीछे से जले हुए कपड़े एवं राख को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया। आरोपियों के विरुद्ध अपराध धारा 238 एवं 3(5) बीएनएस का अपराध घटित होना पाए जाने पर प्रकरण में उक्त धाराएं जोड़ी गईं। आरोपी साहिल सुमन एवं पंकज जोल्हे को दिनांक 11.11.2026 को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए विधिवत गिरफ्तार किया गया। वहीं अपचारी बालक के संबंध में सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण की गई।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों एवं अपचारी बालक को न्यायिक रिमांड हेतु प्रस्तुत किया गया।

संपूर्ण कार्रवाई में योगदान:

उक्त संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कोसीर निरीक्षक आर.एन. साय, PSI नेहा चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक भीम सेन सिदार, जयराम साहू, छत्रपति जोल्हे, आरक्षक धनसाय कुर्रे, विकास पटेल, सुरेश बर्मन, उमेश जांगड़े एवं थाना कोसीर के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!