रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत थाना खम्हारडीह पुलिस ने एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में मुकरने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त शिकायत के अनुसार, आरोपी लिंगराज यादव द्वारा वर्ष 2020 से पीड़िता को शादी करने का भरोसा दिलाया जा रहा था। इसी विश्वास में आकर पीड़िता के साथ आरोपी ने शारीरिक संबंध बनाए। हालांकि, बाद में आरोपी अपने वादे से मुकर गया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई और कानूनी धाराएं
शिकायत मिलते ही थाना खम्हारडीह पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध क्रमांक 406/2026 और धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित पतासाजी कर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ के बाद वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए 10.10.2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। थाना खम्हारडीह पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है।




















