छत्तीसगढ़

महासमुंद में ₹2.80 करोड़ का 560 किलो गांजा ज़ब्त, ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत 2 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत महासमुंद पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर नाकेबंदी कर ओडिशा से महाराष्ट्र भेजी जा रही गांजे की एक विशाल खेप को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने मौके से 560 किलोग्राम गांजा, एक आयशर माज़दा वाहन और दो मोबाइल फोन सहित कुल ₹2,95,08,000 की संपत्ति ज़ब्त की है।

​मुखबिर की सटीक सूचना पर बिछाया गया जाल

​पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि अंतरराज्यीय तस्कर एक संदिग्ध वाहन के माध्यम से ओडिशा के बरहमपुर से भारी मात्रा में गांजा लोड कर महाराष्ट्र की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमों ने त्वरित और आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करते हुए NH-53 रेहटीखोल चेक पोस्ट पर कड़ा पहरा लगा दिया और गाड़ियों की जांच शुरू की।

​प्लास्टिक कैरट के नीचे 16 बोरियों में छिपा था गांजा

​चेक पोस्ट पर जब संदिग्ध आयशर माज़दा वाहन को रोककर पूछताछ की गई, तो उसमें सवार दो व्यक्तियों ने टालमटोल जवाब देने की कोशिश की। पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने वाहन के पिछले हिस्से (डाले) में प्लास्टिक कैरटों के नीचे गांजे की बोरियों को छिपा रखा था। गहन तलाशी लेने पर कैरट हटाते ही 16 बोरियों में भरा कुल 560 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत ₹2.80 करोड़ आंकी गई है।

​महाराष्ट्र के 2 आरोपी हिरासत में

​पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान अजय रविन्द्र पवार (30 वर्ष) निवासी जलगांव और स्वराज महाजन (25 वर्ष) निवासी जलगांव (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।

​NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

​सिंघोड़ा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस नेटवर्क की तह तक जाने के लिए गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना और महाराष्ट्र में माल की डिलीवरी लेने वाले कड़ियों की गहन जांच में जुटी हुई है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!