सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस और ANTF (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की टीम को बड़ी सफलता मिली है। 30 सितंबर 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा लगभग 103 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस पूरी कार्रवाई में कुल ₹89.75 लाख मूल्य का सामान जप्त कर 8 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 1 आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पहला मामला: आयशर ट्रक में अलमारी के अंदर छिपाया था गांजा (चौकी बेलादुला/सरसीवा)
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ऑरेंज-रेड रंग के आयशर ट्रक (MH 04 NB 2816) में उड़ीसा से बिलासपुर होते हुए उत्तर प्रदेश गांजा ले जाया जा रहा है। बेलादुला पुलिस और ANTF टीम ने तेंदूदरहा के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोका।
सख्ती से पूछताछ करने पर चालक ने गांजा परिवहन की बात कबूल की। जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो उसमें लदी लोहे की अलमारियों के बीच खाकी टेप में लिपटे 35 पैकेट (कुल वजन 39.76 किलोग्राम) गांजा बरामद हुआ।
- गिरफ्तार आरोपी: अनुज कुमार गौतम (31 वर्ष), निवासी भरथरी, थाना तेली बाजार, जिला जौनपुर (उ.प्र.)
- टिंकू वर्मा (25 वर्ष), निवासी भरथरी, थाना तेली बाजार, जिला जौनपुर (उ.प्र.)
जप्त सामग्री: 39.76 किग्रा गांजा (कीमत ₹19.50 लाख), आयशर ट्रक (कीमत ₹20 लाख), 10 टन लोहे की चद्दर (कीमत ₹5.50 लाख) और 2 मोबाइल। (कुल जप्ती: ₹45.20 लाख)
दूसरा मामला: ऑल्टो से पायलेटिंग और फ्रोंक्स कार से तस्करी (थाना भटगांव)
थाना भटगांव क्षेत्र में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान (MCP) के दौरान सारंगढ़ की ओर से आ रही ऑल्टो कार (UP 95 W 5149) को रोका गया। कार चालक “गाड़ी साइड में लगा रहा हूँ” कहकर भाग निकला। उसी दौरान पीछे आ रही फ्रोंक्स कार (UP 32 A 4445) के चालक ने पुलिस स्टॉपर को टक्कर मारी और बिर्रा-जांजगीर की तरफ गाड़ी भगा दी।
जांजगीर पुलिस के साथ तालमेल बिठाकर गिरवानी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को पकड़ा गया। ऑल्टो कार में सवार 4 आरोपी फ्रोंक्स कार को पायलेटिंग दे रहे थे। फ्रोंक्स कार की तलाशी लेने पर 4 प्लास्टिक बोरियों में 63.350 किलोग्राम गांजा मिला।
- गिरफ्तार आरोपी: सुनील बेलदार, निवासी कबरई, महोबा (उ.प्र.)
- अरविंद कुमार ठाकुर, निवासी खन्ना, महोबा (उ.प्र.)
- सुरेन्द्र यादव, निवासी कबरई, महोबा (उ.प्र.)
- सागर सिंह, निवासी कोतवाली नगर, महोबा (उ.प्र.)
- मेहताब अहमद, निवासी हिमउली, हमीरपुर (उ.प्र.)
जप्त सामग्री: 63.350 किग्रा गांजा (कीमत ₹31.50 लाख), फ्रोंक्स कार (कीमत ₹11 लाख), ऑल्टो कार (कीमत ₹2 लाख) और 7 मोबाइल। (कुल जप्ती: ₹44.55 लाख)
कानूनी कार्रवाई : पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और BNS (भारतीय न्याय संहिता) की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पकड़े गए सभी 8 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, वहीं मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।




















