छत्तीसगढ़

रायपुर : हत्या के मामले में फरार 3 आरोपियों ने पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते किया आत्मसमर्पण..

रायपुर : थाना उरला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पठारीडीह में हुए हत्या के सनसनीखेज मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना उरला, खमतराई, धरसींवा एवं सिलतरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा लगातार पतासाजी एवं दबिश की जा रही थी। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबाव एवं घेराबंदी की कार्रवाई किए जाने के पश्चात हत्या के मामले में फरार 03 आरोपियों ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया है।

मामले का विवरण इस प्रकार है कि थाना धरसींवा में अज्ञात मृतक के संबंध में मर्ग जांच के दौरान मृतक की पहचान मोहन निषाद पिता स्व. रामप्रसाद निषाद के रूप में हुई। जांच के दौरान घटनास्थल एवं अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला सामने आया।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक मोहन निषाद एवं उसके दामाद हेमराज निषाद उर्फ भूरी के बीच पारिवारिक विवाद एवं आए दिन झगड़ा-विवाद होता था। इसी पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी हेमराज निषाद उर्फ भूरी ने अपने साथियों रोहित निषाद एवं संजय चौहान उर्फ मोरध्वज के साथ मिलकर मृतक की हत्या करने की साजिश रची।

योजनाबद्ध तरीके से तीनों आरोपी मृतक के घर पहुंचे और मौके का फायदा उठाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने एवं शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से आरोपियों द्वारा मृतक के शव को जी.आई. तार से बांधकर एवं चादर में लपेटकर टाटा मैजिक वाहन में रखा गया तथा उसे अन्यत्र ले जाया जा रहा था।

ग्राम परसतराई, थाना धरसींवा के पास पुलिस को देखकर आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस द्वारा वाहन की जांच करने पर उसमें मृतक मोहन निषाद का शव बरामद किया गया था।

मर्ग जांच के दौरान मृतक के घर ग्राम पठारीडीह थाना उरला में निरीक्षण करने पर महत्वपूर्ण परिस्थितिजन्य साक्ष्य प्राप्त हुए। मूल घटनास्थल थाना उरला क्षेत्र अंतर्गत होने से थाना उरला में अपराध क्रमांक 442/2026, धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट एवं थाना उरला, खमतराई, धरसींवा एवं सिलतरा पुलिस की संयुक्त टीम लगातार सक्रिय थी। पुलिस द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश, घेराबंदी एवं पतासाजी की जा रही थी। पुलिस की लगातार कार्रवाई एवं बढ़ते दबाव के कारण तीनों आरोपियों के पास बचने का कोई रास्ता नहीं बचा और अंततः उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया।

गिरफ्तार आरोपी – 1. हेमराज निषाद उर्फ भूरी पिता पवन निषाद उम्र 30 वर्ष, निवासी रावांभाठा केंवट पारा वार्ड नंबर 14, थाना खमतराई, जिला रायपुर।

2. रोहित निषाद पिता स्व. धनीराम निषाद उम्र 19 वर्ष, निवासी निषादपारा रावांभाठा, थाना खमतराई, जिला रायपुर।

3. संजय चौहान उर्फ मोरध्वज पिता रेवाराम चौहान उम्र 31 वर्ष, निवासी रावांभाठा पुरानी बस्ती, थाना खमतराई, जिला रायपुर।

विवेचना के दौरान आरोपी रोहित निषाद की निशानदेही पर मृतक का एक्टिवा वाहन एवं घटना में प्रयुक्त गमछा जप्त किया गया है। घटना में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन को पूर्व में थाना धरसींवा पुलिस द्वारा जप्त किया जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि मुख्य आरोपी हेमराज निषाद उर्फ भूरी के विरुद्ध पूर्व में थाना खमतराई में धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।

प्रकरण में तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!