रायपुर: राजधानी में अवैध गतिविधियों और नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले स्पा सेंटरों के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस की 15 अलग-अलग टीमों ने शहर भर के 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ अचानक दबिश दी। इस सामूहिक छापेमारी से पूरे शहर के स्पा संचालकों में हड़कंप मच गया है।
100 से अधिक जवानों ने संभाला मोर्चा
पुलिस आयुक्त कार्यालय के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष जांच अभियान में 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। पूरी कार्रवाई वेस्ट जोन डीसीपी रॉबिनसन गुरिया, सेंट्रल जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में संचालित की गई। वहीं, धरातल पर टीमों का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) स्नेहा साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा ने किया।
इन दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की हुई बारीक जांच
छापेमारी के दौरान पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। इस दौरान:
ग्राहकों की एंट्री रजिस्टर और स्टाफ वेरिफिकेशन की जांच की गई।
CCTV कैमरों की उपलब्धता, उनकी चालू स्थिति और रिकॉर्डिंग बैकअप को खंगाला गया।
कार्यरत कर्मचारियों की उम्र से जुड़े दस्तावेज और लीज/रेंट एग्रीमेंट देखे गए।
परिसर में किसी भी प्रकार की संदिग्ध या प्रतिबंधित गतिविधि की गहन पड़ताल की गई।
2 स्पा सेंटरों पर गिरी गाज, मैनेजरों पर कार्रवाई
सघन चेकिंग के दौरान दो स्पा सेंटरों में संदिग्ध और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। इनमें डीडी नगर थाना क्षेत्र का एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र स्थित अंबुजा मॉल में संचालित ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं। पुलिस ने दोनों स्पा सेंटरों के मैनेजरों और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में स्पा सेंटरों की लगातार निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




















