छत्तीसगढ़ में नौतपा की शुरुआत से पहले ही सूर्यदेव के तेवर बेहद तीखे हो गए हैं। मध्य छत्तीसगढ़ और न्यायधानी बिलासपुर समेत कई जिलों में आसमान से आग बरसने लगी है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 5 दिनों तक भीषण ग्रीष्म लहर (लू) चलने की चेतावनी जारी करते हुए ‘हीट अलर्ट’ जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले चार दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी के तेवर और अधिक आक्रामक होंगे।
बिलासपुर रहा प्रदेश में सबसे गर्म, सड़कों पर सन्नाटा
मंगलवार को बिलासपुर 43.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है। वहीं राजधानी रायपुर में पारा 41.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शुष्क मौसम और साफ आसमान के कारण सूरज की सीधी तपिश लोगों को झुलसा रही है।
दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक शहर के प्रमुख व्यावसायिक मार्ग जैसे गोल बाजार, लिंक रोड और तिफरा क्षेत्र में कर्फ्यू जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। गर्म हवाओं (लू) के थपेड़ों के कारण लोग घरों से निकलने से कतरा रहे हैं। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग भी चेहरों को स्कार्फ और तौलिए से ढंककर ही बाहर निकल रहे हैं।
बिजली कटौती और उमस ने बढ़ाई बेचैनी
भीषण गर्मी के कारण घरों और दफ्तरों में एसी-कूलर लगातार चल रहे हैं, जिससे बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। ओवरलोडिंग की वजह से कई इलाकों में बिजली कटौती की समस्या भी सामने आ रही है, जिसने आम जनता की बेचैनी और उमस को दोगुना कर दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि मई के अंतिम सप्ताह तक इस झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं।
अस्पतालों में लगी मरीजों की कतार, सिम्स (CIMS) अलर्ट पर
इस भीषण गर्मी का सीधा असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर दिखने लगा है। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) समेत अन्य अस्पतालों के ओपीडी और इमरजेंसी वार्डों में पिछले 48 घंटों में मरीजों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है।
- प्रमुख लक्षण: अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी), उल्टी-दस्त, तेज सिरदर्द, चक्कर आना और बेहोशी जैसे लक्षण मिल रहे हैं।
- सनबर्न की समस्या: तेज अल्ट्रावायलेट (UV) किरणों और लू के सीधे संपर्क में आने से युवाओं और कामकाजी लोगों में सनबर्न (त्वचा का झुलसना) और स्किन रैशेज की गंभीर समस्या देखी जा रही है।
- संवेदनशील वर्ग: फील्ड में काम करने वाले कर्मचारी, बच्चे और बुजुर्ग इस मौसम में सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
राहत के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा
गर्मी से तुरंत राहत पाने के लिए लोग गन्ने का रस, लस्सी, मट्ठा, आम पन्ना और नारियल पानी की दुकानों पर रुख कर रहे हैं, जिससे इन दुकानों पर दोपहर और शाम को भारी भीड़ देखी जा रही है।
डॉक्टर की सलाह: धूप में निकलने से बचें, पानी ज्यादा पीएं
सिम्स के एमएस व एमडी डा़ लखन सिंह ने आम जनता से अपील की है कि मौसम में अचानक आई इस तपिश से शरीर का तापमान संतुलित नहीं हो पाता। इसलिए विशेष सावधानी बरतें:
- दोपहर के समय सीधे धूप में निकलने से बचें।
- खाली पेट घर से बाहर न जाएं।
- धूप में निकलते समय सूती कपड़े से चेहरा, कान और सिर को अच्छी तरह ढकें।
- शरीर में पानी की कमी न होने दें; नींबू पानी, ओआरएस (ORS) घोल, छाछ या नारियल पानी का लगातार सेवन करते रहें।
बालोद मौसम अपडेट 20 मई 2026 आज दिन का पारा पहुंच सकता है 44 डिग्री पर
मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार के लिए अलर्ट जारी कर ग्रीष्म लहर चलने का अनुमान लगाया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री पर पहुंचने का अनुमान है। हालांकि मौसमी सिस्टम मजबूत होने पर स्थिति बदल भी सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अलावा एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। दूसरा द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से लक्ष्यदीप तक 1.5 कम ऊंचाई तक विस्तारित है। 20 मई को मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। अगले चार दिन में अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।
कोरबा मौसम अपडेट 20 मई 2026 तापमान 44 डिग्री पर, अभी और बढ़ने के बन रहे आसार
कोरबा| जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 1 डिग्री बढ़कर 44 पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री पर है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन एक से दो डिग्री तापमान बढ़ सकता है। गुरुवार को बदली और बारिश की संभावना भी बनी हुई है। इस महीने के पहले पखवाड़े में आंधी और बारिश से राहत मिली थी।
दूसरे पखवाड़े में लगातार तापमान बढ़ रहा है। गुरुवार से मौसम में बदलाव हो सकता है। इस दौरान 22 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। सुबह से ही धूप चुभने लगती है। दोपहर तक बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। शाम के बाद रात में भी गर्मी से राहत अभी नहीं मिलेगी। इस महीने अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंच सकता है।
कबीरधाम मौसम अपडेट 20 मई 2026 कबीरधाम जिले में भी येलो अलर्ट, अंधड़ और बारिश के आसार
भीषण गर्मी के बीच मौसम ने फिर करवट ली है। कबीरधाम समेत प्रदेश के 14 जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन इलाकों में गरज- चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मंगलवार को कवर्धा में दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहा। दोपहर करीब ढाई बजे तेज हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को कुछ देर के लिए राहत जरूर मिली। लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह राहत ज्यादा देर टिकने वाली नहीं है। जिले में पिछले 3-4 दिन से मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। दिन में तो तेज धूप रहती है, लेकिन दोपहर बाद तेज हवा चलने लगती है। मंगलवार को भी भोरमदेव क्षेत्र में बारिश हुई।
25 से शुरू होगा नौतपा गर्मी का सबसे कठिन दौर नौतपा 25 मई से शुरू होकर 2 जून तक चलेगा। इस दौरान कबीरधाम में दिन का पारा 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। सबसे ज्यादा तापमान 26 से 30 मई तक रहने का अनुमान है। इस दौरान 46 से 47 डिग्री तक रहने की संभावना है। हालांकि, नौतपा के बीच में हल्की बारिश भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग की गायत्री वाणी के मुताबिक, आने वाले 4 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। जिले में भी इसका असर होगा।




















