रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान विधायक धरमलाल कौशिक के साथ राजधानी रायपुर में मोबाइल लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान एक अज्ञात बाइक सवार उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। हालांकि, वीआईपी से जुड़ी इस वारदात पर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने त्वरित एक्शन लिया और महज 8 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
PWD आर्च ब्रिज के नीचे हुई वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार (18 मई 2026) की सुबह विधायक धरमलाल कौशिक अपने शासकीय निवास से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। सुबह करीब 07:15 बजे जब वह पीडब्ल्यूडी (PWD) आर्च ब्रिज के नीचे पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवक ने उनके हाथ से मोबाइल फोन झपट्टा मारकर छीन लिया और तेजी से फरार हो गया। कद्दावर नेता के साथ हुई इस छिनैती की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सैकड़ों CCTV कैमरे खंगाले, पुलिस ने बिछाया जाल
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। क्राइम ब्रांच और स्थानीय थानों की संयुक्त टीमों को तत्काल आरोपी की पतासाजी में लगाया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आरोपी के भागने के संभावित रूट पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। साइबर सेल के तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस (मुखबिर तंत्र) की मदद से आखिरकार पुलिस आरोपी तक पहुंचने में कामयाब रही और वारदात के 8 घंटे के भीतर उसे धर दबोचा।
बलौदाबाजार का रहने वाला है आरोपी, चलाता है रैपिडो
पकड़े गए आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव (उम्र 19 वर्ष), पिता राजेंद्र ध्रुव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से जिला बलौदाबाजार-भाटापारा का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजीव नगर में रह रहा था। आरोपी रायपुर शहर में यदा-कदा रैपिडो (बाइक टैक्सी) चलाने का काम करता है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई का अभियान जारी है, जिसके तहत आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी और माल मशरूका की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है।




















