छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, रायपुर और बस्तर संभाग में बारिश के आसार हैं, बादल छाए हुए हैं, दो मौसमी तंत्रों से हवा की दिशा में परिवर्तन हुआ…

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री तक की वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री गिरावट होने के आसार हैं। शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश में आकाश आंशिक मेघमय रहने तथा प्रदेश के दक्षिणी व पूर्वी भाग में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

शुक्रवार को बिलासपुर और रायपुर संभाग के पूर्वी जिले, जो ओड़िशा से लगे हुए हैं तथा बस्तर संभाग के जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। 21 दिसंबर को रायगढ़ और उसके आसपास के जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 33.2 डिग्री सुकमा में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री बलरामपुर में दर्ज किया गया।

इस सिस्टम से बारिश के आसार

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम से सटे पश्चिम-मध्य पर अच्छी तरह से चिह्नित निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ था। एक चक्रीय चक्रवात समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। अगले 12 घंटों के दौरान इस प्रणाली के उत्तर-पश्चिम की ओर उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने की संभावना है।

इसके बाद अगले 24 घंटों में इसके आंध्र प्रदेश तट के साथ लगभग उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है। पश्चिमी हवाओं में एक द्रोणिका के रूप में पश्चिमी विक्षोभ अपनी धुरी के साथ औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर बना हुआ है। इसके असर से प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

छाए हुए हैं बादल

दो मौसमी तंत्र के प्रभाव से हवा की दिशा में परिवर्तन हुआ है, जिसके कारण दक्षिण छत्तीसगढ में बादल छाए हुए हैं। इसके असर से बीते 24 घंटे में प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि हुई है। अभी भी न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की प्रबल संभावना है।

बिलासपुर मौसम अपडेट : बिलासपुर में ठंड पर ब्रेक…न्यूनतम तापमान 10 डिग्री:आसमान में छाए रहेंगे हल्के बादल, प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना

बिलासपुर में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का असर दिखने लगा है। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री पहुंच गया, जिससे ठंड में कमी महसूस की गई। वहीं, रात में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके चलते रात में भी कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार विक्षोभ के कारण आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा भी संभावित है, लेकिन बिलासपुर में इसकी संभावना थोड़ी कम है।

बीते मंगलवार की तरह ही बुधवार को भी ठंड ने खूब परेशान किया। आसमान साफ रहने के कारण सुबह से ही तेज ठंड महसूस हुई। धूप निकलने के बावजूद ठंड का कहर जारी रहा। दोपहर में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जबकि यह सामान्य से एक डिग्री अधिक न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज हुआ, यह सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा।

वहीं, गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहा। इसके चलते धूप का अहसास हुआ और ठंड में कमी आई। गुरुवार शाम को कंपकंपाने वाली ठंड से राहत मिली। रात में भी कम ठंड महसूस की गई, जिससे लोगों ने राहत ली।

आसमान में छाए रहेंगे बादल, वातावरण में बढ़ेगी नमी

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ 60 डिग्री पूर्व और 28 डिग्री उत्तर में स्थित है। साथ ही एक चिह्नित निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना है। इसके उत्तर तटीय आंध्रप्रदेश की ओर आने की संभावना है।

दोनों मौसमी तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में हवा की दिशा में परिवर्तन होने और वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने का अनुमान है। इसके चलते अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

इन जिलों में बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना

20 दिसंबर यानी आज बस्तर संभाग और आसपास के जिलों, रायपुर संभाग के जिलों, ओडिशा से लगे बिलासपुर संभाग के सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, जांजगीर, कोरबा और सरगुजा संभाग के आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। 21 दिसंबर को रायगढ़ और आसपास के जिलों में बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!