छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट बिलासपुर : मानसून ने लिया ब्रेक, बरसात से राहत:अब तक सामान्य से 11% अधिक वर्षा, 2 दिन बाद झमाझम बारिश की संभावना..

मौसम अपडेट बिलासपुर : सावन की शुरुआत से ही बिलासपुर में जोरदार बारिश हुई। इसके चलते अब तक सामान्य से 11% अधिक बारिश दर्ज की गई है। पिछले दो दिनों से बारिश से राहत मिली है। करीब पंद्रह दिन बाद सोमवार को आसमान में धूप खिली रही। अब मौसम विभाग ने मानसून के 2 दिन के ब्रेक के बाद फिर से भारी बारिश की संभावना जताई है।

बिलासपुर में पिछले करीब एक पखवाड़े से लगातार हो रही बारिश से कई इलाके जल मग्न हो गए थे। बाढ़ के हालात के बीच नदी-नाले और डैम लबालब हो गए हैं, जिसके चलते जिले के बांधों का गेट खोलना पड़ा। अरपा नदी का जलस्तर बढ़ गया। शहर में भी कभी तेज तो कभी रिमझिम वर्षा होती रही।

वहीं रविवार से यहां भी मौसम बदल गया है। आसमान में बादल तो नजर आ रहे हैं, लेकिन वर्षा गायब है। सोमवार को भी सुबह से धूप निकल आई। हालांकि, दोपहर में आसमान में काले घने बादल छाए रहे, लेकिन बारिश थमी रही। वहीं दो दिनों तक इसी तरह की स्थिति रहने वाली है। इसके बाद एक बार फिर मानसून सक्रिय होगा और वर्षा होगी।

हल्की बारिश के आसार

इधर, सोमवार की शाम बदली के बाद देर रात में फिर से आसमान में काली घटाएं छाई रही। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी और रिमझिम बरसात भी होती रही। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को जिले के कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने हो सकती है।

दो दिन बाद हो सकती है तेज बारिश

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में बिलासपुर समेत प्रदेश में मानसून की गतिविधियों में बदलाव हो सकता है। आने वाले दो दिनों तक वर्षा के आसार कम हैं। फिर इसके बाद जोरदार वर्षा होगी। बता दें कि एक जून से लेकर अब तक प्रदेश में 665 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। यह सामान्य से 11% ज्यादा है।

रोपाई के काम में आई तेजी

अच्छी वर्षा के कारण जिले में खेती के काम में तेजी आ गई है। किसानों ने धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्यों में जुट गए है। खेतों में पानी भरने से फसलों की बुआई और सिंचाई का काम सुचारू रूप से हो रहा है। किसान सुबह से शाम तक खेतों में मेहनत कर रहे हैं, जिससे उनकी फसलों की अच्छी पैदावार की उम्मीद है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!