छत्तीसगढ़मौसम समाचार

बिलासपुर मौसम अपडेट : बिलासपुर में वर्षा का ट्रेलर दिखा रहा मौसम, गर्मी का पिक्चर अभी बाकी, 20-21 जून तक बिलासपुर में मानसून..

बिलासपुर मौसम अपडेट : शहर व संभाग समेत प्रदेशभर के मौसम में द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण ने ऐसा असर दिखाया है कि अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 36 डिग्री तक पहुंच गया है। कभी तेज अंधड़ चल रहा है तो कभी घने बादल के बीच वर्षा की संभावना बन रही है। मानों मौसम वर्षा का ट्रेलर दिखा रहा हो। वहीं दो से तीन दिनों के बाद मौसम साफ होने वाला है और गर्मी भी बढ़ेगी। 25 मई से नवतपा भी शुरू हो जाएगा, जिसमें भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। यानी अभी गर्मी का पिक्चर बाकी है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, अभी एक द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़ से रायलसीमा और उससे सटे उत्तरी तमिलनाडु तक एक चक्रवाती परिसंचरण होते हुए कोमोरिन क्षेत्र तक समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर बनी हुई है। इन सबके बीच नमी आ रही है, जिससे बादल छा रहे हैं और वर्षा के हालात बन रहे हैं। साथ ही तेज अंधड़ चल रहा है। शुक्रवार को भी इसी तरह की स्थिति रही। सुबह से ही आसमान में हल्के बादल नजर आ रहे थे। वहीं हवाओं की गति बढ़ गई थी। फिर रुक-रुककर तेज अंधड़ चलता रहा। इन सबके बीच अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक ही पहुंच पाया। अलगे 24 घंटे में तापमान में और गिरावट आने का भी अनुमान है, जिसके बाद तापमान एक बार फिर बढ़ेगा।

आज ये संभावना

प्रदेश में शनिवार को एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। एक से दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने और अंधड़ चलने का अनुमान है। इसका असर शहर समेत संभाग में कहीं-कहीं देखने को मिल सकता है। शुक्रवार को ही कवर्धा में एक मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

20-21 जून तक बिलासपुर में मानसून

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार छत्तीसगढ़ में मानसून सबसे पहले 13 जून को बस्तर पहुंचेगा। इसके बाद 16 जून को रायपुर और 21 जून तक पूरे प्रदेश को कवर करते हुए अंबिकापुर तक फैल जाएगा। यानी बिलासपुर में मानसून के 20 या 21 जून तक कवर करने का अनुमान है। साल 2023 में मानसून ने 21 जून को बस्तर और रायपुर में प्रवेश किया था और 22 जून तक बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर तक पहुंचा था। दरअसल, केरल में मानसून 31 मई को पहुंचने की संभावना जताई गई है। केरल से छत्तीसगढ़ में मानसून आने में 14 से 15 दिन लगने का अनुमान है, जिसके अनुसार 16 जून को माना गया है।

प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)/शहर अधिकतम न्यूनतम

  • बिलासपुर 36 28.8
  • रायपुर 34.7 29.5
  • पेंड्रारोड 36.2 26
  • अंबिकापुर 37.6 25
  • जगदलपुर 33.8 25

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!