छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट : दुर्ग से मानसून का प्रवेश, अब अब होगी जमकर वर्षा, शीघ्र ही मानसून प्रदेश भर में छा जाएगा, अब तापमान में गिरावट के साथ होगी वर्षा…

रायपुर। इस बार प्रदेश में दुर्ग के रास्ते मानसून का प्रवेश हुआ है। इसके प्रभाव से गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा भी हुई। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून तंत्र के साथ ही पश्चिमी हवा के प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश भर में वर्षा के आसार है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने के साथ ही भारी वर्षा की भी संभावना बनी हुई है। बादल छाए रहने व वर्षा की वजह से गुरुवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई।

गुरुवार सुबह से ही राजधानी रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाने के साथ ही हल्की वर्षा भी हुई। इसकी वजह से दोपहर की तपिश से लोगों को राहत भी मिली। प्रदेश भर में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पश्चिम मानसून गुरुवार को आगे बढ़ते हुए उत्तरी सीमा पोरबंदर, भावनगर, खंडवा, गोंदिया, दुर्ग, भवानीपटना, कलिंगपट्टनम और बंगाल की खाड़ी से होते हुए बुलरघाट तथा सुपौल से गुजर रही है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में ही मानसून प्रदेश भर में छा जाएगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ही राहत की वर्षा भी होगी। गुरुवार को राजधानी रायपुर 36.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सर्वाधिक गर्म रहा।

कटघोरा में खूब बरसे मेघ

कटघोरा 8 सेमी, खरसिया 6 सेमी, राजनांदगांव-लोकापाल-जगदलपुर में 3 सेमी, चरामा-पामगढ़,-पथरिया में 2 सेमी, बलौदाबाजार-मरवाही में 2 सेमी वर्षा हुई। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई।

शुक्रवार को हो सकती है बारिश

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मानसून पहुंच चुका है। शुक्रवार को प्रदेश में पश्चिमी हवा के प्रभाव के कारण अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में अंधड़ चलने व बिजली गिरने की संभावना है।

रायपुर में दिन-रात का पारा रहा सबसे अधिक

रायपुर 36.4 25.8

बिलासपुर 35.4 24.0

जगदलपुर 33.9 23.0

अंबिकापुर 31.3 23.2

पेन्ड्रारोड 31.6 21.4

दुर्ग 34.6 24.8

(अधिकतम व न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में)

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!