रायगढ़, 06 जून । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों पर संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में विशेष अभियान “अभियान संवेदना” संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत महिला संबंधी शिकायतों और लैंगिक अपराधों के मामलों में प्राथमिकता के आधार पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई की गई है।
परिचित युवक ने शादी का झांसा देकर नाबालिग का किया शारीरिक शोषण
पहले मामले में एक नाबालिग बालिका (16 वर्ष) की ओर से उसके पिता द्वारा महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई गई कि आरोपी विकास नामदेव (25 वर्ष), निवासी ढिमरापुर, का उनके परिवार में आना-जाना था। आरोपी और उसके परिजनों द्वारा बालिग होने पर नाबालिग से विवाह करने की बात कही गई थी, जिसके बाद आरोपी का घर आना-जाना बढ़ गया और वह बालिका को अपने घर भी ले जाता था।
शिकायत के अनुसार मार्च 2024 में आरोपी विकास नामदेव ने नाबालिग को अपने घर ले जाकर बालिग होने पर शादी करने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद लगातार विवाह का आश्वासन देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। आरोपी ने नाबालिग की अश्लील फोटो एवं वीडियो भी बना लिए थे और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे अपने प्रभाव में रखता था। पीड़िता द्वारा घटना की जानकारी परिवार को दिए जाने पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 55/2026 के तहत धारा 65(1) बीएनएस, 4, 6 पॉक्सो एक्ट में अपराध पंजीबद्ध किया गया। महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास नामदेव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसका मोबाइल फोन जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।




















