दुर्ग : दिनांक 20.09.2026 को ग्राम कुरूद में आपसी विवाद के बाद मारपीट कर की गई हत्या के प्रकरण में थाना जामुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दिनांक 20.09.2026 को दोपहर लगभग 03:30 बजे राज जोशी द्वारा थाना जामुल उपस्थित होकर सूचना दी गई कि उसके मामा मनीष बघेल के दोस्त पूरन भारती को ईंट से मारकर घायल किया गया है। सूचना पर थाना जामुल पुलिस तत्काल ग्राम कुरूद स्थित ममता मेडिकल के पास राज जोशी के मकान पहुंची, जहां मकान के अंदर पूरन भारती जमीन पर घायल अवस्था में पड़ा मिला तथा आसपास ईंट पर रक्त के निशान पाए गए।
प्रारंभिक जांच एवं पूछताछ में सामने आया कि मनीष बघेल अपने दोस्त पूरन भारती को लेकर राज जोशी के मकान पर आया था। तीनों द्वारा शराब सेवन किए जाने के दौरान बातचीत एवं आपसी विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपियों द्वारा पूरन भारती के साथ मारपीट की गई। बाद में राज जोशी द्वारा ईंट एवं स्टील के गिलास से उसके सिर एवं चेहरे पर वार किया गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 697/2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा घटना में प्रयुक्त सामग्री जप्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका) : शराब सेवन के दौरान आपसी बातचीत से विवाद बढ़ने पर आरोपियों द्वारा पूरन भारती के साथ मारपीट की गई। इसके बाद राज जोशी द्वारा ईंट एवं स्टील के गिलास से सिर व चेहरे पर वार किए गए, जिससे उसकी मृत्यु हुई।
आरोपी का नाम : 1. राज जोशी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ममता मेडिकल के पास, कुरूद भिलाई, थाना जामुल, जिला दुर्ग। 2. मनीष कुमार बघेल, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम काशीडीह खोपली, चौकी मचांदूर, थाना उतई, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री : 1. घटना में प्रयुक्त 01 ईंट। 2. घटना में प्रयुक्त 01 स्टील का गिलास।


















