छत्तीसगढ़

थाना भटगांव पुलिस ने किया अंधे कत्ल का खुलासा, हत्या की वारदात को अंजाम दिया था विधि विरूद्ध संघर्षरत् बालक…

सूरजपुर : दिनांक 18.12.2022 को भटगांव ईटभट्ठा निवासी एक महिला ने थाना भटगांव में सूचना दिया कि दिनांक 15.12.2022 को इसका 14 वर्षीय पुत्र सुबह दुकान जाने की बात कहकर घर से निकला था जो वापस नहीं आया काफी खोजबीन करने पर भी नहीं मिला। सूचना पर थाना भटगांव में गुम इंसान कायमी तथा अपराध क्रमांक 246/22 धारा 363 भादसं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने संवेदनशीलता के साथ अपहृत बालक की पतासाजी करने के निर्देश थाना प्रभारी भटगांव को दिए थे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में थाना भटगांव पुलिस के द्वारा अपहृत बालक की गंभीरतापूर्वक पतासाजी में लगी थी, इसी बीच दिनांक 25.12.2022 को बंद पड़े एसईसीएल ओसीएम खदान वार्फवाल नीली झील नर्सरी में रास्ता के किनारे झाड़ी के ढलान में अपहृत बालक का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री रामकृष्ण साहू ने डीएसपी मुख्यालय नंदिनी ठाकुर, एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह, थाना प्रभारी भटगांव शरद चन्द्रा, एफएसएल, डॉग स्कवार्ड व क्राईम सीन की टीम को मौके पर भेजते हुए घटना स्थल का बारीकी अवलोकन कर साक्ष्य संकलन करने के निर्देश दिए। प्रकरण में पृथक से धारा 302, 201 भादसं. जोड़ी गई। पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज सरगुजा श्री रामगोपाल गर्ग के द्वारा लगातार मामले की विवेचना की जानकारी लेते हुए महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

विवेचना के दौरान मृतक के पास मोबाईल बरामद न होने पर मोबाईल देने वाले साथी के ऊपर संदेह होने एवं मृतक के दोस्तों के जरिए पता चला कि मोबाईल का लेनदेन का विवाद मृतक के साथी के साथ चल रहा है तथा दिनांक 15.12.22 को मृतक एवं उसके साथी बालक दोनों को साथ में देखा गया था। इसी दिशा में विवेचना को आगे बढ़ाते हुए मृतक के साथी विधि विरूद्ध संघर्षरत बालक को तलब कर बाल कल्याण अधिकारी की मौजूदगी में पूछताछ किया गया। पूछताछ पर उसने बताया कि अपना वीवो कम्पनी का मोबाईल को दिनांक 01-02 दिसम्बर 2022 को मृतक के पास लेकर गया और मोबाईल को 1000 रूपये में गिरवी रखा था। दिनांक 15.12.2022 को यह अपने घर से मृतक के पास आया और बोला कि पैसा लो और मेरा मोबाईल दो, इसके बाद मृतक के सायकल में बैठकर हॉटमेन्ट भटगांव से खाने-पीने की सामग्री खरीदकर सायकल से नीली झील गये, नीली झील नर्सरी में खाने-पीने के बाद वापस आते समय रास्ते में पैसा व मोबाईल की लेन-देन कि बात को लेकर मृतक और विधि विरूद्ध संघर्षरत बालक के बीच लड़ाई-झगड़ा हुआ तब आवेश में आकर मृतक का गला दबाकर रास्ते में पटक दिया तथा घसिट कर रास्ते से नीचे गिराकर पत्थर को उसके सिर में मारकर हत्या कर उसके सायकल को रास्ता से नीचे गिरा दिया फिर गिरवी रखा हुआ अपने मोबाईल फोन को लेकर घर की ओर जाने लगा, रास्ते में मोबाईल से मृतक के सीम को निकालकर तोड़कर फेंक दिया और मोबाईल लेकर अपने घर चला गया। मामले में विधि विरूद्ध संघर्षरत् बालक के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाजरब, मृतक का टूटा सीम एवं 1 नग मोबाईल जप्त कर बालक के विरूद्ध सामाजिक पृष्टभूमि भरते हुए अभिरक्षा में लिया गया एवं माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

 

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!