जशपुर : थाना बगीचा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामपानी सरबकोम्बो निवासी जोयो राम उम्र 68 वर्ष की दिनांक 29.09.2026 को मृत्यु होने की सूचना प्राप्त होने पर थाना बगीचा में मर्ग क्रमांक 126/2026 धारा 194 BNSS कायम कर जांच प्रारंभ की गई। मृतक के शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक के शव के पंचनामा के दौरान सिर, माथे एवं बायें पैर में चोट के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में चिकित्सक द्वारा मृतक की मृत्यु सिर में लगी चोट एवं अत्यधिक रक्तस्राव के कारण होना लेख किया गया।
मर्ग जांच के दौरान मृतक के परिजनों एवं गवाहों के कथन लिए गए। कथनों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि मृतक जोयो राम को बोलेरो वाहन क्रमांक CG 14 MC 5946 से जानबूझकर ठोकर मारकर उसकी हत्या की गई है।
विवेचना में यह भी सामने आया कि गांव के दीपक यादव, उसके पिता एवं चाचा द्वारा मृतक जोया राम की पत्नी पर टोनही होने एवं जादू-टोना करने का आरोप लगाया जाता था। इसी बात को लेकर पिछले 02-03 वर्षों से मृतक के परिवार के साथ रंजिश चली आ रही थी। गांव के एक बैगा (जिसे कि पुलिस ने चिन्हित कर लिया है)द्वारा भी मृतक की पत्नी के जादू-टोना करने के कारण परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने की बात बताए जाने की जानकारी सामने आई।
हत्या की पूर्व योजना बनाकर दिया गया घटना को अंजाम
विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा आरोपी दीपक यादव पिता कुरशो यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी जामपानी सरबकोम्बो को दबिश देकर दिनांक 01.10.2026 को हिरासत में लिया गया।
पुलिस की पूछताछ पर आरोपी दीपक यादव के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने पाया कि, मृतक जोयो राम की पत्नी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए आरोपी पक्ष द्वारा पूर्व में कई बार उसे समझाने की बात सामने आई। इसके बावजूद कथित रूप से जादू-टोना करना बंद नहीं करने की बात कहते हुए आरोपी दीपक यादव, उसके पिता एवं चाचा (जो भी मामले में आरोपी हैं व फरार हैं) के द्वारा दिनांक 29.09.2026 को दोपहर में जोयो राम की हत्या करने की योजना बनाई गई।
योजना के अनुसार जोयो राम के मक्का खेत की ओर जाने की जानकारी होने के कारण उसे वहीं वाहन से कुचलकर हत्या करने तथा घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की योजना बनाई गई।
दिनांक 29.09.2026 को शाम करीब 04.00 बजे आरोपी दीपक यादव, अपने चाचा के बोलेरो वाहन क्रमांक CG 14 MC 5946 को लेकर डाहीडांड़ की ओर गया। वहां जोयो राम मेन रोड से करीब 05-10 मीटर की दूरी पर अपने मक्का खेत के सामने खड़ा था। आरोपी द्वारा वाहन को आगे ले जाकर वापस मोड़कर तेज गति से जानबूझकर जोयो राम को ठोकर मारने की बात मेमोरेण्डम कथन में बताई गई है।
वाहन की ठोकर से जोयो राम की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर बगीचा की ओर फरार हो गया, ताकि घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना समझा जाए।
घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन जप्त
आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG 14 MC 5946 को पुलिस के समक्ष पेश करने पर गवाहों की उपस्थिति में जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।
मामले में थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 259/2026 धारा 103(1), 61(2) BNS एवं छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4, 5, 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
मामले में आरोपी के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर आरोपी
दीपक यादव उम्र 21 वर्ष, निवासी जामपानी सरबकोम्बो, थाना बगीचा, जिला जशपुर (छ.ग.) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पुलिस मामले में फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी कर रही है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।
मामले की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे, नरेश मिंज व प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है
मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया ककि “प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना दिख रहा यह मामला जांच में अंधविश्वास और जादू-टोने के संदेह में की गई सोची-समझी हत्या निकला है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को बोलेरो सहित गिरफ्तार कर लिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जिले में अंधविश्वास के नाम पर हिंसा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी; आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार के अंधविश्वास व ओझा-बैगा के बहकावे में न आएं।
नाम गिरफ्तार आरोपी दीपक यादव उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम जाम पानी, सरबकोंबो थाना बगीचा जिला जशपुर छ ग।




















