- गरियाबंद – पुलिस अधीक्षक गरियाबंद वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में साइबर सेल गरियाबंद ने भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल का उपयोग करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए कुल 70 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक रिकवर किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग ₹ 1100000/- है।

साइबर सेल द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोनों को ट्रेस कर विभिन्न राज्यों एवं जिलों से उपयोगकर्ताओं की जानकारी प्राप्त की गई। तत्पश्चात संबंधित व्यक्तियों से संपर्क कर मोबाइल फोन बरामद किए गए तथा वैधानिक कार्यवाही उपरांत उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे गए।
इसी क्रम साइबर अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए साइबर सेल गरियाबंद द्वारा साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
साइबर ठगी के मामलों में शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित बैंकों, पेमेंट गेटवे एवं वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित कर संदिग्ध खातों में ट्रांसफर हुई राशि को तत्काल होल्ड कराने एवं वैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से पीड़ितों को राशि वापस दिलाने की कार्यवाही की जाती है।
जिसमें साइबर सेल गरियाबंद द्वारा वर्ष 2024-25 के दौरान कुल ₹10,04,588/- एवं वर्ष 2025-26 के दौरान कुल ₹33,89,765/- की राशि साइबर ठगी के पीड़ितों के बैंक खातों में सफलतापूर्वक रिफंड कराई गई है। इस प्रकार अब तक कुल ₹43,94,553/- की राशि पीड़ितों को उसके बैंक खाता में वापस दिलाई जा चुकी है।
यह उपलब्धि साइबर अपराधों के विरुद्ध गरियाबंद पुलिस की सक्रियता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं प्रभावी समन्वय का परिणाम है। समय पर शिकायत दर्ज होने के कारण बड़ी संख्या में पीड़ितों की मेहनत की कमाई वापस कराई जा सकी है।
महत्वपूर्ण अपील
गरियाबंद पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि वे किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश योजना, केवाईसी अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर कुल, पार्ट-टाइम जॉब फॉड, सोशल मीडिया हैकिंग अथवा अन्य साइबर अपराध का शिकार होते हैं, तो घटना की जानकारी तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
मुख्य कार्यवाहीः –
✅ वर्ष 2024-25 में 98 बैंक खातों सेें रिफंड राशि: ₹10,04,588/-
✅ वर्ष 2025-26 में 176 बैंक खातों से रिफंड राशि: ₹33,89,765/-
✅ कुल रिफंड राशि: ₹43,94,553/-
“सतर्कता, त्वरित शिकायत और समय पर कार्रवाई ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।”




















