छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट : द्रोणिका से बदला मौसम, रातभर हुई बारिश के बाद गर्मी से मिली राहत, एक-दो दिन अभी और गिरेगा पारा, IMD का आज भी अलर्ट…

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : राजधानी रायपुर का मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। रविवार सुबह बूंदाबादी और आधी रात तेज बारिश से रायुपर का मौसम खुशनुमा हो गया। बदले हुए मौसम से रायपुर के तापमान में चार डिग्री गिरावट दर्ज की गई। इससे तेज धूप और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी राजधानी सहित छत्‍तीसगढ़ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात होने, अंधड़ चलने और ओलावृष्टि होने के आसार हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि गर्मी के बीच वायुमंडल में बन रही द्रोणिका की वजह से सोमवार को भी गरज-चमक के साथ वज्रपात होने, अंधड़ चलने और ओलावृष्टि होने के आसार हैं। वहीं, प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। इसके अलावा राजधानी में मौसम मेघमय रहेगा अंधड़ चलने और ओलावृष्टि होने की भी संभावनाएं बन रही हैं।

दो दिनों में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना

मौसम विज्ञानी एपी चंद्रा के अनुसार प्रदेश के अधिकतम तापमान में अगले दो दिनों में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना है और सभी संभागों के जिलों में वर्षा होने के संकेत हैं। वहीं, वर्षा का मुख्य क्षेत्र मध्य छत्तीसगढ़ में रहने की संभावना जताई जा रही है। इसी बीच रविवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।

राजधानी में भी मौसम आंशिक रूप से मेघमय रहा और सुबह व दोपहर में हल्की बौछारें पड़ी। इसके अलावा धमतरी सहित सरगुजा संभाग के इलाकों में भी वर्षा हुई। साथ ही प्रदेश में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस बीजापुर में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस नारायणपुर में दर्ज किया गया।

11 डिग्री तक गिरा अधिकतम तापमान

मौसम विभाग के पिछले वर्षों के औसत आंकड़ों के हिसाब से अधिकतम तापमान 11 डिग्री तक कम हो गया है। आंकड़ों के अनुसार पेंड्रा रोड में यह 11 डिग्री कम, अंबिकापुर में 10 डिग्री, बिलासपुर में नौ डिग्री, रायपुर में चार और दुर्ग में औसत से दो डिग्री सेल्सियस तक कम है। वहीं, जगदलपुर में यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा: न्यूनतम तापमान लगभग सभी क्षेत्रों में औसत से अधिक चल रहा है। जगदलपुर में यह चार डिग्री, बिलासपुर में दो डिग्री, रायपुर, पेंड्रा रोड और दुर्ग में यह सामान्य औसत से एक डिग्री सेल्सियस तक अधिक है।

इस तरह का बन रहा सिस्टम

एक द्रोणिका हवा की अनियमित गति अंदरूनी ओडिशा से कोमोरीन क्षेत्र तक छत्तीसगढ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीं, प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन प्रारंभ हो गया है। इसकी वजह से राजधानी सहित प्रदेशभर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की सम्भावना है।

बिलासपुर मौसम अपडेट : एक दिन में गिरा 10 डिग्री तापमान, आज भी आंधी, हल्की वर्षा संभावित, पेंड्रा-गौरेला व मरवाही में वर्षा

द्रोणिका के असर से मौसम बदल चुका है। आसमान में चारों ओर बादलों का घेरा है। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। दिनभर मौसम खुशनुमा बना रहा। वातावरण में नमी महसूस हुई। ठंडी हवाएं भी चली। दिन के तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रात में हल्की बूंदाबांदी हुई। पेंड्रा-गौरेला व मरवाही में भी हल्की वर्षा दर्ज की गईहै। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार को भी आंधी संग हल्की वर्षा संभावित है।

मौसम का मिजाज बदलने के बाद पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह है। आमजन को भी गर्मी से काफी राहत मिली है। स्कूली बच्चों के चेहरे भी खुशियां लौट आई हैं। आसमान में काले बादलों के आते ही वातावरण में गर्मी का असर कम हो गया है। एक दिन पहले शु्क्रवार को जहां दिन का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था तो वहीं शनिवार को 30.4 डिग्री पर आ गया। जबकि रात में स्थिति एकदम उलट रही। पारा 23.8 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 25.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यानी दिन में नमी तो रात में गर्मी का अहसास हुआ। बहरहाल जो भी लोगों को प्रचंड गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

आज गरज-चमक के साथ पड़ेंगे छींटे

मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणिका/ हवा की अनियमित गति अंदरूनी ओडिशा से कोमोरीन क्षेत्र तक छत्तीसगढ होते हुए, 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी का आगमन प्रारंभ हो गया है। आठ अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

एक-दो दिन अभी और गिरेगा पारा

मौसम विभाग का यह भी कहना है कि रविवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर (मुख्यतः मध्य छत्तीसगढ में) गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने और ओला वृष्टि होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में अगले दो दिनों में दो डिग्री की तक गिरावट होने की संभावना है। वर्षा सभी संभागों के जिलों में होगी।

जीपीएम में दिनभर रिमझिम

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में दिनभर रिमझिम वर्षा जैसी स्थिति बनी रही। कहीं-कहीं रुक-रुककर वर्षा हुई। मौसम विशेषज्ञ मो. सिराज खान की मानें तो बिलासपुर में भी वर्षा का अनुमान है। यह स्थिति अभी 10 अप्रैल तक बनी रह सकती है। इसके बाद ही मौसम सामान्य होगा।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!