छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट : छत्‍तीसगढ़ में मानसून लेगा यूटर्न, 6 अक्टूबर से मानसून की गतिविधियां फिर होंगी तेज…

मौसम अपडेट : मानसून अब विदाई की ओर अग्रसर है, इसकी वजह से शुक्रवार को राजधानी में बादल आंशिक रूप से छाए रहेंगे और वर्षा के आसार नहीं हैं। लेकिन मौसम विज्ञानियों के अनुसार दो दिनों बाद यानी कि छह अक्टूबर दोबारा से मानसून की गतिविधियाें में बढ़ोतरी होने के आसार बन रहे हैं। वहीं, शुक्रवार को प्रदेश के एक दो स्थानों पर बहुत हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। साथ ही वर्षा का क्षेत्र चरम दक्षिण होने की संभावना बन रही है।

इसी बीच गुरुवार को दिनभर मौसम राजधानी सहित प्रदेशभर में सामान्य ही रहा और उमस की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदेश में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा रायगढ़ में एक सेमी दर्ज की गई। वहीं, प्रदेश में सर्वाधिक तापमान रायपुर में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा।

यह बन रहा है सिस्टम

एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और उसके आसपास स्थित है। यह 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका उत्तर-पूर्व बिहार से उत्तर अंडमान सागर तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।

इस उपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास चार अक्टूबर को बनने की संभावना है। इसकी वजह से चरम दक्षिण में ही वर्षा संभावित है, जबकि अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

अधिकतम तापमान सभी जगह ज्यादा

मौसम विभाग के पिछले तीस वर्षों के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य औसत से लगभग सभी क्षेत्रों में अधिक है। आंकड़ों के अनुसार यह सर्वाधिक रायपुर में चार डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि जगदलपुर में यह 3.1 डिग्री, अंबिकापुर में 1.8 डिग्री, बिलासपुर में 1.4 डिग्री, दुर्ग में 1.3 डिग्री और पेंड्रा रोड में 0.9 डिग्री सेल्सियस तक सामान्य औसत से अधिक है।

न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक

इसके अलावा न्यूनतम तापमान भी सामान्य औसत से अधिक है। यह बिलासपुर में 3.2 डिग्री, रायपुर में 2.5 डिग्री, पेंड्रा रोड में 1.4 डिग्री, अंबिकापुर में 1.3 डिग्री, जगदलपुर में 0.9 डिग्री और दुर्ग में 0.8 डिग्री सेल्सियस तक सामान्य औसत से अधिक है।

बिलासपुर मौसम अपडेट : मौसम का फिर बदल रहा मूड…बिलासपुर संभाग में आठ से 12 अक्टूबर के बीच हल्की वर्षा के संकेत..

बिलासपुर संभाग में रात के समय पारा सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा है। जिस वजह से दिन में गर्मी व रात में हल्की उमस महसूस हो रही है। लेकिन, मौसम विज्ञानियों की मानें तो बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दाब का क्षेत्र बन रहा है। आठ से 12 अक्टूबर के बीच गरज-चमक के साथ प्रदेश के कुछ स्थानों में वर्षा की संभावना है।

मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा का कहना है कि, एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और उसके आसपास स्थित है तथा यह 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका उत्तर-पूर्व बिहार से उत्तर अंडमान सागर तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।

इस ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास चार अक्टूबर को बनने की संभावना है। जिसके प्रभाव से मौसम में बदलाव हो सकता है। इधर गुरुवार को दिनभर मौसम सामान्य बना रहा। दिन में थोड़ी उमस रही। बाजार में लोग व्याकुल नजर आए। हालांकि शाम को स्थिति थोड़ी ठीक थी।

आज आसमान में दिखेंगे बादल

मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में चार अक्टूबर को एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। प्रदेश के चरम दक्षिण में ही वर्षा संभावित है। शहर में कोई विशेष संभावना नहीं है। सिस्टम के सक्रिय होने के कारण अचानक कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।

मानसूनी सिस्टम को ऐसे समझें

मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान का कहना है कि मानसून अब जाते-जाते धरती को भिगो सकता है। बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। जिससे उड़ीसा, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश तथा विदर्भ में छह से 12 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। बिलासपुर में नौ को पूर्वार्ध सुबह के समय वर्षा का अनुमान है। फिर 11 को इक्का-दुक्का स्थानों में बहुत हल्की वर्षा हो सकती है। 12 को शाम या रात में कहीं-कहीं मेघ गरज-चमक के साथ बरस सकते हैं।

प्रमुख शहरों का तापमान: शहर अधिकतम न्यूनतम

बिलासपुर 34.0 26.3

पेंड्रारोड 32.0 22.0

अंबिकापुर 32.1 21.8

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!