छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट छत्तीसगढ़ : मौसम में आज से दिखेगा बदलाव, अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज, टूट सकता है पिछले साल का रिकार्ड, सात व आठ मई को वर्षा संभावित…

मौसम अपडेट छत्तीसगढ़ : रायपुर : चुनावी गर्माहट के बीच मौसम भी गर्म होता जा रहा है। वहीं चुनाव के दौरान हल्की-सी राहत की उम्मीद मिलने के संकेत दिखाई दे रहे हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार सोमवार को राजधानी में बादल आंशिक रूप से छाए रहेंगे और अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट होने के संकेत हैं। वहीं प्रदेश के एक दो स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा होने के आसार हैं, जबकि एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने और अंधड़ चलने की भी संभावना है।

साथ ही अगले 48 घंटों में रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। इसके बाद एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की भी संभावना है। इसी बीच रविवार को राजधानी सहित छत्‍तीसगढ़ में मौसम बेहद गर्म रहा। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान बेमेतरा में 44.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस बलरामपुर में दर्ज किया गया।

यह बन रहा सिस्टम

एक पश्चिमी विक्षोभ 65 डिग्री पूर्व और 28 डिग्री उत्तर में मध्य क्षोभमंडल में स्थित है। वहीं एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मराठवाड़ा के उपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। साथ ही एक द्रोणिका मराठवाड़ा से तमिलनाडु तक 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है।

इसकी वजह से प्रदेश में सोमवार को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है, जबकि एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने तथा अंधड़ चलने की संभावना है। इन सभी के बीच प्रदेश में अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि का दौर बने रहने की संभावना है।

अधिकतम तापमान औसत से ज्‍यादा

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम तापमान औसत से एक से तीन डिग्री तक अधिक है। पेंड्रा रोड में यह सर्वाधिक तीन डिग्री, जगदलपुर में दो डिग्री, जबकि दुर्ग, अंबिकापुर और माना में यह पिछले तीस वर्षों के सामान्य औसत से एक-एक डिग्री सेल्सियस तक अधिक है।

अधिकतम तापमान औसत से ज्यादा

न्यूनतम तापमान औसत से कम न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव की स्थिति देखने को मिल रही है। कुछ जगहों में यह सामान्य से अधिक, जबकि कुछ जगहों में सामान्य से कम है। अंबिकापुर में यह सामान्य पांच डिग्री, दुर्ग में चार डिग्री, बिलासपुर में दो डिग्री, जबकि माना में यह औसत से दो डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं जगदलपुर में यह सामान्य औसत से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है।

बिलासपुर में ताप कम करने आएंगे बादल, कल से वर्षा जैसी स्थित

न्यायधानी भीषण गर्मी की चपेट में है। हीट वेव जैसी स्थिति बनी हुई है। रविवार को चमड़ी जला देने वाली गर्मी का अहसास हुआ। दिन में घर से निकलना मुश्किल था। गर्म हवाओं के कारण लोग बेचैन नजर आए। दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो छह मई से मौसम का मिजाज बदल सकता है। सात व आठ मई को वर्षा जैसी स्थिति भी बन सकती है।

मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ 65 डिग्री पूर्व और 28 डिग्री उत्तर में मध्य क्षोभमंडल में स्थित है। एक उपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मराठवाड़ा के ऊपर 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका मराठवाड़ा से तमिलनाडु तक 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में सोमवार को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने या गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने व अंधड़ चलने के आसार हैं। अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि का दौर बने रह सकता है। इधर रविवार को दिनभर तेज धूप का अहसास हुआ। सुबह के 10 बजते ही सूर्य का ताप असहनीय हो गया।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!