छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट छत्‍तीसगढ़ : चक्रवाती तूफान से बदलेगा मौसम, IMD का अलर्ट, बारिश के साथ बढ़ेगी ठिठुरन…

HIGHLIGHTS

  • तीन से पांच दिसंबर तक बस्तर क्षेत्र में बारिश के आसार, आज उत्तर छग में अलर्ट
  • अधिकतम व न्यूनतम तापमान में नहीं होगा बदलाव, प्रदेश भर में बढ़ेगी ठिठुरन
  • चक्रवाती तूफान के चलते बदलने वाला है छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज

मौसम अपडेट छत्‍तीसगढ़ : पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले संभावित चक्रवाती तूफान के चलते छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है और ठिठुरन बढ़ने के साथ ही बारिश के भी आसार है। मौसम विभाग का कहना है कि तीन से पांच दिसंबर तक बस्तर क्षेत्र में हल्की से मध्यम वर्षा के आसार है। साथ ही शुक्रवार को उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और ठिठुरन बढ़ने वाली है। हालांकि अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।

बंगाल की खाड़ी से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते इन दिनों रायपुर सहित प्रदेश भर में ठिठुरन बढ़ने लगी है। आउटर क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को ठंड से बचने आग तापते भी देखा जा सकता है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी, इसके प्रभाव से ही ठिठुरन बढ़ेगी।

क्रिकेट में नहीं होगा बारिश का खलल, छाए रहेंगे बादल

क्रिकेट प्रेमियों के लिए राहत वाली खबर है कि शुक्रवार को रायपुर में होने वाले भारत व आस्ट्रेलिया के बीच मैच पर बारिश खलल नहीं डालेगी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि हालांकि आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही ठंड में बढ़ोतरी होगी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश के आसार है।

Bilaspur Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है। हवा की दिशा परिवर्तन होकर दक्षिण-पूर्वी हो चुकी है। वातावरण में नमी है। आसमान में बादलों की उपस्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार को शहर का मौसम शुष्क रह सकता है। दो दिसंबर से मौसम में फिर बदलाव होगा। हल्की वर्षा की संभावना है। ठंड भी बढ़ेगी।

मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण अंडमान के ऊपर स्थित है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए एक अवदाब के रूप में दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर अगले 24 घंटे में बनने की संभावना है। इसके और अधिक प्रबल होकर गहरा अवदाब और फिर चक्रवाती तूफान के रूप में तीन दिसंबर को दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनने की संभावना है।

उसके बाद इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश तट के पास चार दिसंबर के प्रातः काल में पहुंचने की संभावना बन रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश के बस्तर संभाग और उससे लगे जिलों में प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तीन चार और पांच दिसंबर को हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं

मौसम विशेषज्ञ सिराज खान की मानें तो प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा की दिशा में परिवर्तन हुआ है साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है, जिसके कारण एक दिसंबर को प्रदेश के चरम उत्तर छत्तीसगढ़ में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।

प्रमुख शहरों का तापमान/शहर अधिकतम न्यूननम

बिलासपुर 30 18.8

पेंड्रारोड 27.5 16

अंबिकापुर 29 12.9

माना 31.6 18.2

जगदलपुर 32.4 17.8

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!