छत्तीसगढ़मौसम समाचार

छत्‍तीसगढ़ के मौसम का हाल : तापमान बढ़ने से कम हुई ठंड, दो दिन बाद बारिश की आशंका

छत्‍तीसगढ़ प्रदेश में हवा की दिशा बदल चुकी है और अब उत्तर-पश्चिम से हवा आ रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि ऐसे में बुधवार दो फरवरी से प्रदेश के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही गुरुवार तीन फरवरी को उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश के भी आसार बने हुए है। मंगलवार एक फरवरी को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा।

तापमान में हुई बढ़ोतरी की वजह से सोमवार को अन्य दिनों की अपेक्षा ठंड से थोड़ी राहत मिली। रायपुर सहित प्रदेश भर का मौसम शुष्क रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि फरवरी माह में सरगुजा संभाग में वर्षा सामान्य से अधिक रहेगी। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से कम और अधिकतम तापमान भी सामान्य से कम रहने की संभावना है। प्रदेश के दक्षिणी भाग में वर्षा सामान्य से बहुत कम और न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेंगे।

सोमवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते ठंड में थोड़ी कमी आई है। रायपुर का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम तापमान बलरामपुर में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

तीन फरवरी को बारिश की आशंका

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में उत्तर-पश्चिम से हवा आ रही है। हवा की दिशा बदलने की वजह से मंगलवार एक फरवरी को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद दो फरवरी को प्रदेश के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। तीन फरवरी को उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश के भी आसार बने हुए है।

बिलासपुर में मौसम फिर बदलेगा करवट, छाएंगे बादल, आज ऐसे रहेंगे हालात

बिलासपुर। मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। आसमान में बादल नजर आएंगे। तीन फरवरी को कुछ स्थानों में हल्की बारिश की भी संभावना है। शहर में सोमवार को मौसम शुष्क रहा। दिन का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके कारण दिन में ठंडी का अहसास कम हुआ। वहीं रात में अभी भी सर्द हवाएं चल रही हैं। न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वही पेंड्रारोड में पारा 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग की मानें तो जल्द ही पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में एक बार फिर बदलाव होने वाला है।

प्रदेश में उत्तर-पश्चिम से हवा का आगमन जारी है। ऐसे में प्रदेश में न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि लगातार हो रही है। एक फरवरी को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में सार्थक वृद्धि होने की संभावना है। दो फरवरी को प्रदेश में अचानक सार्थक रूप से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की प्रबल संभावना है।

प्रदेश में तीन फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश होने की भी संभावना है। बारिश का क्षेत्र मुख्यत: उत्तर छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। प्रदेश में फरवरी के महीने में सरगुजा संभाग में वर्षा सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान सामान्य से कम और अधिकतम तापमान भी सामान्य से कम रहने की संभावना है। मध्य छत्तीसगढ़ में वर्षा सामान्य से कम और न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य या उससे अधिक रहने की संभावना है। प्रदेश के दक्षिणी भाग में वर्षा सामान्य से बहुत कम और न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

पांच फरवरी 2010 सबसे ठंडा

फरवरी माह में ठंड की बात करें तो पांच फरवरी 2010 को न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जिस तरह से शीतलहर और ठंड का प्रकोप इस साल रहा है, अनुमान है कि इस बार यह रिकार्ड टूट सकता है। वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो 28 फरवरी 2009 को रिकार्ड गर्मी दर्ज की गई थी। पारा 38.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। बीते 10 वर्षों के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो फरवरी महीने में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रहा है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!