छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम विभाग का अलर्ट- आने वाले दिनों में बढ़ने वाली है ठिठुरन, दस वर्षों में सबसे कम ठंडा रहा दिसंबर..

छत्‍तीसगढ़ में मौसम अभी ऐसा ही बना रहेगा और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं रहेगा।

Chhattisgarh Weather Update: दिसंबर के आखिरी सप्ताह में रात में भी कम हो रही ठंड नववर्ष की शुरुआत से बढ़ने लगी है। पारे में गिरावट की वजह से सुबह-सुबह और रात में ठिठुरन बढ़ने लगी है। विशेषकर आउटर क्षेत्रों में तो ठिठुरन और बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम अभी ऐसा ही बना रहेगा और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं रहेगा। हालांकि आने वाले दो से तीन दिनों में प्रदेश में ठिठुरन थोड़ी और बढ़ सकती है।

सोमवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। रायपुर का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। प्रदेश भर में पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा,यहां का न्यूनतम तापमान 09.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दस वर्षों में सबसे कम ठंडा रहा दिसंबर/ दिसंबर 2022 बीते दस वर्षों में सबसे कम ठंडा रहा। इस वर्ष रायपुर का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है,जबकि सामान्य रूप से रायपुर में दिसंबर महीने में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!