छत्तीसगढ़मौसम समाचार

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर…मार्च में ठंड का टूटा 10 साल का रिकॉर्ड, 24 घंटे में 8 डिग्री लुढ़का पारा…

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट : हिमालय में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर छत्तीसगढ़ में पड़ा है। प्रदेश में पिछले दो दिनों से रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग समेत कई जिलों में दिन और रात का तापमान सामान्य से कम हो गया है। जिससे दिन में चुभने वाली गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। सरगुजा में फिर से शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं। आज मौसम ड्राई रहेगा। इसके बाद अगले 5 दिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है।

प्रदेश में दुर्ग जिला गुरुवार को सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 35.6 °C रिकॉर्ड किया गया। वहीं 8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा।

रायपुर में रात का पारा सामान्य से कम

गुरुवार को यहां दिन का तापमान 33.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम था। वहीं रायपुर के आउटर क्षेत्र में अधिकतम पर 32.4 रिकॉर्ड किया गया जो औसत से 1.2 डिग्री कम था। वहीं रात का पारा माना क्षेत्र में 15.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री कम था।

बिलासपुर में दिन-रात का पारा 4 डिग्री लुढ़का

यहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो नॉर्मल टेम्प्रेचर से 4.5 डिग्री कम था।

सरगुजा में शीतलहर जैसी स्थिति

वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से सरगुजा संभाग के जिलों में एक बार फिर शीतलहर जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री कम हो गया है। गुरुवार को रात का पारा 8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो औसत से कम था। वहीं अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री दर्ज किया गया जो नॉर्मल से एक डिग्री कम था।

बिलासपुर मौसम अपडेट : मार्च में ठंड का टूटा 10 साल का रिकॉर्ड:बिलासपुर में 24 घंटे में 8 डिग्री लुढ़का पारा; उत्तरी हवाओं के असर से बदला मौसम

बिलासपुर में उत्तरी हवाओं के असर से मौसम बदल गया है। पिछले 24 घंटे में शहर का न्यूनतम तापमान 8 ​डिग्री लुढ़क गया है, जिसके चलते रात में ठंड लौट आई है और कंपकंपी महसूस होने लगी है। 10 साल में मार्च में पहली बार इतनी ठंड रिकॉर्ड हुई है।

बिलासपुर में अधिकतम तापमान लगातार दूसरे दिन 32 डिग्री से थोड़ा ही ज्यादा दर्ज हुआ। यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। जिस मौसम में गर्मी का एहसास होना था, उसमें अच्छी ठंड महसूस हो रही है। पेंड्रारोड में तो न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज हुआ। यहां 24 घंटे में 5 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। यानी बिलासपुर में पेंड्रारोड से भी ज्यादा तापमान में गिरावट हुई।

विक्षोभ के असर खत्म होने के बाद बदला मौसम

विक्षोभ का असर खत्म होने की वजह से मौसम बदल गया है। मार्च की शुरुआत गर्मी से हुई थी। अधिकतम तापमान 36 डिग्री से भी ज्यादा पहुंच गया ​था। लेकिन, पिछले 2 दिनों से रात के समय अच्छी ठंड महसूस हो रही है।

बुधवार की रात ठंडी हवाओं के असर से कुछ ज्यादा ही ठंड लगी। वहीं, गुरुवार को भी यह सिलसिला जारी रहा। गुरुवार की सुबह भी ठंडी हवा चलती रही। इस दौरान धूप का असर भी कम रहा। इसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली।

दोपहर में भी धूप का असर रहा कम

हवा में ठंडक होने के कारण अधिकतम तापमान ज्यादा नहीं बढ़ा। यह दोपहर बाद 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बुधवार को भी अधिकतम तापमान लगभग इतना ही यानी 32.3 डिग्री दर्ज हुआ था। यह सामान्य से 1.1 डिग्री कम था।

गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री कम रहा। शाम होने पर फिर से ठंडी हवाएं चलने लगी, जिससे ठंड बढ़ गई। रात में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। यह सामान्य से 4.5 डिग्री ​कम रहा।

उत्तरी हवाओं के असर से बढ़ी ठंड

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के अनुसार उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के असर से बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश का तापमान कम हुआ है। मार्च में इस तरह का मौसम कम ही देखने को मिलता है। क्योंकि, उत्तरी हवाओं के आने के साथ ही विक्षोभ का असर भी पड़ता है। 9 मार्च तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

मार्च में 10 सालों में ठंड का टूटा रिकॉर्ड

साल न्यूनतम तापमान

  • 2015 14.8
  • 2016 18.5
  • 2017 15.3
  • 2018 18.0
  • 2019 15.1
  • 2020 16.2
  • 2021 15.0
  • 2022 17.2
  • 2023 16.6
  • 2024 15.8
  • 2025 13.2

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!