छत्तीसगढ़मौसम समाचार

मौसम अपडेट छत्तीसगढ़ : अब प्रदेश में व्यापक बारिश के आसार नहीं है, तापमान में नहीं होगा बदलाव…..

छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला-बदला है। कभी तेज उमस होती है, तो कभी बारिश की वजह से होने वाली ठंडक से राहत मिलती है। मानसून तंत्र के प्रभाव से बुधवार शाम को हुई जबरदस्त बारिश के बाद गुरुवार को फिर से दिनभर धूप-छांव का खेल बना रहा और शुक्रवार को भी मौसम में ज्यादा बदलाव होने के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब प्रदेश में व्यापक बारिश के आसार नहीं है। हालांकि, मानसून की सक्रियता से विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव के आसार नहीं है। तीन से चार दिनों बाद ही मौसम में थोड़ा बदलाव के आसार हैं।

गुरुवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार की अपेक्षा तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई और इसकी वजह से थोड़ी गर्मी व उमस भी रही। प्रदेश भर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

यह बन रहा सिस्टम

मानसून द्रोणिका अमृतसर, पटियाला, बरेली, गोरखपुर और उसके बाद उत्तर पूर्व की ओर अरुणाचल प्रदेश तक बनी हुई है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा बिहार व उससे लगे पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 3.1 किमी ऊंचाई तक है। इसके प्रभाव से ही शुक्रवार 13 अगस्त को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने या गरज चमक के साथ छींटे पड़ेंगे। प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!