सूरजपुर : चौकी लटोरी क्षेत्र में लगातार हो रही बकरा-बकरी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए सूरजपुर पुलिस ने चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों सहित चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्ति एवं वारदात में प्रयुक्त कार किराये पर देने वाले वाहन स्वामी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कुल 2 बकरी तथा वारदात में प्रयुक्त सियाज कार क्रमांक सीजी 10 व्ही 9456 जब्त की गई है।
दिनांक 06.11.2026 को प्रार्थी मोहम्मद मुस्लिम अंसारी पिता स्व. तासिम उम्र 44 वर्ष, निवासी करवा, चौकी लटोरी चौकी में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 01-02.11.2026 की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया तथा घर के अंदर से 02 नग बकरा एवं 02 नग बकरी चोरी कर लिए गए। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 325/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
इसी प्रकार दिनांक 23.11.2026 को प्रार्थी सुरेश कुमार कुशवाहा पिता रामप्रसाद कुशवाहा उम्र 49 वर्ष निवासी जगतपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 20-21.11.2026 की दरम्यानी रात अज्ञात व्यक्ति उसके घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तथा 03 नग बकरा एवं 02 नग बकरी चोरी कर ले गए। इस रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 335/2026 धारा 331(4), 305(ए) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन व एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में चौकी स्तर पर विशेष टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा स्थानीय मुखबीर तंत्र को मजबूत कर संदिग्धों पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
इसी दौरान दिनांक 24.11.2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सीतापुर की ओर से कुछ व्यक्ति एक सफेद रंग की सियाज कार क्रमांक सीजी 10 व्ही 9456 में सवार होकर लटोरी क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने सोनवाही जंगल के पास घेराबंदी कर कार सवार पांच व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान अमीनुल्लाह खान पिता अब्दुल्लाह उम्र 25 वर्ष निवासी रायकेरा टोकापारा थाना सीतापुर, राकेश सिंह पिता इन्द्रदेव उम्र 28 वर्ष ग्राम मंगारी, मदन दास, मदन दास पिता लबदु दास उम्र 19 वर्ष ग्राम महेशपुर थाना सीतापुर, दिलचन्द दास उर्फ ममता पिता रूदन सिंह उम्र 19 वर्ष ग्राम नकना एवं वाहन स्वामी अजीत पैकरा पिता शंभूनाथ पैंकरा उम्र 26 वर्ष ग्राम बालमपुर थाना सीतापुर, गणेश कुमार मरावी पिता अशोक मरावी उम्र 24 वर्ष ग्राम छेवरी थाना थाना बतौली के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दिनांक 01.11.2026 को करवा से 02 नग बकरा एवं 02 नग बकरी तथा दिनांक 20.11.2026 को जगतपुर से 03 नग बकरा एवं 02 नग बकरी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए बकरा-बकरी को ग्राम रायकेरा टोकापारा ले जाकर नुरुल्लाह खान पिता सफार उम्र 45 वर्ष ग्राम रायकेरा टोकोपारा थाना सीतापुर नामक व्यक्ति को बेचा गया है। इस आधार पर पुलिस ने नुरुल्लाह खान को पकड़कर पूछताछ की जो उसने चोरी के 02 नग बकरा खरीदना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटना में प्रयुक्त सियाज कार क्रमांक सीजी 10 व्ही 9456, लोहे का रॉड, पेचकस, प्लास्टिक टेप जब्त किया है। प्रकरण में आरोपी नुरुल्लाह खान के विरुद्ध धारा 317(4) बी.एन.एस. तथा सभी आरोपियों के विरुद्ध संगठित होकर घूम-घूमकर बकरा-बकरी चोरी करने के संबंध में धारा 112 बी.एन.एस. भी जोड़ी गई है।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि वाहन स्वामी अजीत पैकरा द्वारा आरोपियों को प्रत्येक रात 7,000 रुपये किराये पर सियाज कार उपलब्ध कराई जाती थी, जिसका उपयोग बकरा-बकरी चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए किया जाता था। पुलिस द्वारा वाहन स्वामी को भी प्रकरण में आरोपी बनाया गया है। इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी लटोरी सुनील सिंह, एएसआई वरूण तिवारी, प्रधान आरक्षक रामनिवास तिवारी, रविशंकर, आरक्षक विकास मिश्रा, शोभनाथ कुशवाहा, संतोष जायसवाल, मनोज सिरदार, सुनील एक्का, हरिओम पाण्डेय व युवराज यादव सक्रिय रहे।
अपराध का तरीका : पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि जिस स्थान पर चोरी करने जाते थे वहां रात को 2-3 घंटे पूर्व ही पहुंच जाते थे और पहले रेकी करते थे उसके बाद घर में घुसकर बकरा बकरी के मुँह में प्लास्टिक टेप चिपका देते थे जिससे आवाज न कर सकें उसके बाद चोरी के घटना को अंजाम देते थे।
आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकार्ड : प्रकरण में गिरफतार आरोपी क्रेता नुरुल्लाह पूर्व में भी थाना बगीचा में बकरा चोरी के प्रकरण में, दिलचन्दर उर्फ ममता मोटर सायकल चोरी प्रकरण तथा अजीत पैंकरा रामानुजगंज ज्वेलरी शॉप के चोरी के मामले में संलिप्त रहा है। आरोपियो से अभी तक के पूछताछ पर संगठित होकर गिरोह बनाकर चौकी लटोरी में 02 स्थानों पर, चौकी खडगंवा क्षेत्र में 02 तथा जिला सरगुजा के लखनपुर में 1 स्थानो पर कुल 5 स्थानो में चोरी करना बताया गया है।




















