छत्तीसगढ़

रायपुर : कार चढ़ाकर हत्या करने के मामले में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश के बाद आरोपी ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण..

रायपुर : दिनांक 14.08.2026 को थाना आमानाका में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि प्रार्थी के भांजे परमजीत रणगण्ही की आरोपी भरत मंगनानी द्वारा जानबूझकर कार चढ़ाकर हत्या कर दी गई है।

मृतक परमजीत की शादी की बातचीत शिखा साहू से चल रही थी। दिनांक 14.08.2026 को शिखा साहू अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध आई थी। गुरुद्वारा के पास शिखा साहू एवं परमजीत रणगण्ही की मुलाकात हुई, जहां भरत मंगनानी भी उपस्थित था।

बातचीत के दौरान भरत मंगनानी का परमजीत के साथ विवाद हुआ। प्रार्थी के अनुसार आरोपी ने नाराज होकर परमजीत की हत्या करने की नीयत से तेज गति से कार चलाते हुए उसके ऊपर कार चढ़ा दी, जिससे परमजीत को गंभीर चोटें आईं तथा अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।

घटना के बाद आरोपी भरत मंगनानी अपनी सफेद फॉक्सवैगन कार लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास उपस्थित लोगों द्वारा घायल परमजीत को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 264/2026, धारा 103 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

घटना के बाद से ही पुलिस टीम द्वारा आरोपी भरत मंगनानी की गिरफ्तारी हेतु उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी तथा तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से उसकी तलाश की जा रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी एवं दबिश की कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस की लगातार कार्रवाई एवं बढ़ते दबाव के चलते आरोपी भरत मंगनानी ने आज दिनांक 18.08.2026 को न्यायालय परिसर पहुंचकर न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण किया।

आज आरोपी भरत मंगनानी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को पुलिस रिमांड पर प्राप्त किया गया है। आरोपी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

𝐁𝐡𝐢𝐬𝐦 𝐏𝐚𝐭𝐞𝐥

𝐄𝐝𝐢𝐭𝐨𝐫 𝐢𝐧 𝐇𝐢𝐧𝐝𝐛𝐡𝐚𝐫𝐚𝐭𝐥𝐢𝐯𝐞 𝐍𝐞𝐰𝐬
error: Content is protected !!