रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट (ACCU), एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (ANTF) और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने राजस्थान के एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 106.19 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ MDMA और एक आईफोन जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।
तेलघानी नाका ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 09 अगस्त 2026 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास एक व्यक्ति MDMA ड्रग्स लेकर बिक्री करने की फिराक में है।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदेही को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामनिवास माचरा (22 वर्ष), निवासी ग्राम केरला नाडा, थाना मतोडा, जिला फलोदी (राजस्थान) बताया।
बैग की तलाशी में मिली 106.19 ग्राम MDMA ड्रग्स
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर 106.19 ग्राम MDMA ड्रग्स बरामद हुआ। मादक पदार्थ के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करने लगा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने अन्य साथियों के कहने पर MDMA की खेप रायपुर में सप्लाई करने आया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 243/26, धारा 22(ग) नारकोटिक एक्ट (NDPS Act) का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत और रायपुर में इसकी डिलीवरी लेने वाले पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई के आंकड़े
रायपुर कमिश्नरेट में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक 73 प्रकरण दर्ज कर कुल 163 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 5,47,04,290 रुपये (पांच करोड़ सैंतालीस लाख चार हजार दो सौ नब्बे रुपये) मूल्य की सामग्री जब्त की है।
जब्त की गई सामग्रियों में 588.97 किलोग्राम गांजा, 2.5 ग्राम ओसियन ग्रो गांजा, 27,875 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, 173 ग्राम एम.डी.एम.ए., 8 नग पार्टी पिल्स, 4.55 ग्राम कोकीन, 251 शीशी नशीली सिरप, 0.547 ग्राम डोडा, 20.740 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 0.80 ग्राम ब्राउन शुगर और 71 ग्राम अफीम शामिल है। इसके अलावा पुलिस ने 13,55,830 रुपये नगद, 8 चारपहिया वाहन, 11 दोपहिया वाहन, 81 मोबाइल फोन, 1 कट्टा और 2 चाकू भी जब्त किए हैं।




















